रीवा से प्रयागराज जा रहे नेशनल हाईवे सोहागी घाटी पर मंगलवार रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। अंधेरे में तेज रफ्तार के बीच तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का ड्राइवर अपने केबिन में बुरी तरह फंस गया।
.
रात करीब साढ़े 7 बजे राहगीरों ने दुर्घटना देख कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की मदद से करीब 30 मिनट की मशक्कत कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे से आ रहे दो ट्रक उसी में जा भिड़े। रात होने और अंधेरे की वजह से दृश्यता कम थी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
हाईवे पर जाम की स्थिति बनी
टक्कर के बाद हाईवे पर भारी जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर ट्रकों को हटवाकर कुछ देर में सड़क को खोलवाया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और सभी ड्राइवरों से बयान ले रही है। दुर्घटना के कारण और किसी अन्य संभावित नुकसान का पता लगाया जा रहा है।