स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली सप्लाई बंद की गई।
पन्ना के अजयगढ़ के तहसील तिराहे के पास बुधवार तड़के सुबह एक ट्रैक्टर ड्राइवर को बिजली का करंट लग गया। करंट लगने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंभे से टकराता हुआ नाले में जा गिरा। इस घटना में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया।
.
बोलेरो की टक्कर से टूटे बिजली के तार
मुकेश यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तड़के सुबह करीब 4 बजे पास के एक शादी समारोह में आए कुछ लोग अपनी बोलेरो कार में शराब पी रहे थे। जब वे बोलेरो लेकर जाने लगे, तो वाहन मुख्य मार्ग पर लगे 11 हजार केवी के बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर से बिजली का एक तार टूटकर झूलने लगा, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था।
तार की चपेट में आया ट्रैक्टर चालक
इसी दौरान बालू से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां पहुंचा। मुकेश यादव ने ट्रैक्टर चालक को तार में करंट होने की चेतावनी दी और वाहन न निकालने को कहा। हालांकि, चालक ने चेतावनी के बावजूद लापरवाही से वाहन आगे बढ़ाया, जिससे उसे करंट का झटका लगा।
फोन कर बंद करवाई गई बिजली आपूर्ति
करंट लगने से चालक गाड़ी से बाहर गिर गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंभे से टकराता हुआ नाले में जा गिरा। इस घटना के बाद करंट का तार मुकेश के घर के चारों ओर फैल गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत विद्युत विभाग को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई और अजयगढ़ पुलिस को घटना की सूचना दी।
ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंभे से टकराता हुआ नाले में जा घुसा।
अव्यवस्थित पार्किंग और आवाजाही के कारण हो रहे हादसे
अजयगढ़ के मुख्य मार्ग पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और आवाजाही के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बस स्टैंड से लेकर जय स्तंभ चौराहे तक छोटे वाहन, दुकानों के सामने खड़े वाहन, टेम्पो, टैक्सी और ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने से गंभीर हादसों का खतरा बना रहता है।