IND vs SA 2nd Test: कोलकाता के बाद गुवाहाटी में भी साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया का काम-तमाम कर दिया. दूसरे टेस्ट में टेम्बा बावुमा की टीम ने ऐतिहासिक जीत हासिल की और भारत पर ऐसा शर्मनाक दाग लगा दिया, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था. गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच को साउथ अफ्रीका ने 408 रन से जीत लिया. रनों की लिहाज से ये भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार है.
एक समय था जब भारत को उनके घर पर हराना किसी टीम का सपना हुआ करता था. जब पिछली बार साउथ अफ्रीका की टीम यहां टेस्ट सीरीज खेलने आई थी तब विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने उनका बंटाढार कर दिया था, लेकिन अब आलम ये है कि उसी टीम ने भारत को कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा है.
टीम इंडिया पर लगा सबसे बड़ा दाग
साउथ अफ्रीका ने भारत को वो जख्म दिया है, जिससे निकल पाना आसान नहीं होगा. टेस्ट क्रिकेट इतिहास में इससे पहले कभी नहीं हुआ जब किसी टीम ने घर पर आकर ‘मेन इन ब्लू’ का ऐसा बुरा हाल किया हो. गुवाहाटी में भारत को अब तक की सबसे बड़ी और शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा.
भारत की सबसे बड़ी टेस्ट हार (रनों के अंतर से)
408 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, गुवाहाटी, 2025
342 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर, 2004
341 रन बनाम पाकिस्तान, कराची, 2006
337 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2007
333 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, पुणे, 2017
329 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, 1996
IND vs SA: दूसरी पारी में 140 रन पर सिमटी टीम इंडिया
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 201 रनों पर ऑल आउट होने के बाद दूसरी इनिंग में भी बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया. भारतीय बल्लेबाजों ने सिर्फ 63.5 ओवरों में प्रोटियाज के आगे सरेंडर कर दिया और 140 रन पर ढेर हो गए. हालत कितनी खराब है उसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि रवींद्र जडेजा (54 रन) को छोड़कर बाकी कोई बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका.
साउथ अफ्रीका ने 2-0 से जीती सीरीज 408 रन से जीतकर साउथ अफ्रीका ने सीरीज पर 2-0 से कब्जा किया. इससे पहले कोलकाता में हुए पहले टेस्ट में प्रोटियाज ने 30 रनों से जीत हासिल की थी. भारत में ये साउथ अफ्रीका की दूसरी टेस्ट सीरीज जीत है. इससे पहले उन्होंने फरवरी-मार्च 2000 में हैंसी क्रोनिए के नेतृत्व में भारत को 2-0 से हराया था।
ये भी पढ़ें: IND vs SA: अफ्रीका ने कहकर किया भारत को बेइज्जत, दोहराया 25 साल पहले का इतिहास, ‘छावा’ की तरह लड़े जडेजा