रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी सलमान को अब तक पुलिस ने नहीं पकड़ा है। घटना के बाद से ही लोगों में आक्रोश है। वह उसे पकड़कर फांसी देने की मांग कर रहे हैं।
.
बुधवार को आरोपी के दो वीडियो सामने आए हैं। वीडियो घटना के पांच दिन बाद सामने आए हैं और इन्हें घटना के बाद का बताया जा रहा है। आरोपी सलमान पहली वीडियो में नीली टी-शर्ट पहने दिख रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में सलमान एक दुकान से सिगरेट खरीदता हुआ नजर आ रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमलेश कुमार खरपुसे ने पुष्टि की है कि यह फुटेज गौहरगंज क्षेत्र के ही हैं और इनमें आरोपी स्पष्ट रूप से दिख रहा है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
हालांकि, फुटेज सामने आने के बाद भी आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बुधवार को गौहरगंज में अघोषित कर्फ्यू रायसेन के गौहरगंज में बुधवार को अघोषित कर्फ्यू के हालात रहे। लोग घरों में बंद और सड़कें सुनसान दिखीं। 6 जिलों की पुलिस ने मोर्चा संभाला। 500 से अधिक जवानों ने हालात पर नजर बनाए रखे।क्विक रिस्पॉन्स फोर्स भी मौके पर है। DIG प्रशांत खरे के मुताबिक, हालात कंट्रोल में हैं।
हालांकि, 6 साल की बच्ची से रेप का आरोपी सलमान उर्फ नजर फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।
इससे पहले सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वारदात के पांचवें दिन बुधवार को गौहरगंज के स्कूल ग्राउंड में शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे। इसी दौरान कुछ युवकों का झुंड मुस्लिम बावली बस्ती की ओर जाने लगा।
पुलिस ने उन्हें रोका, हल्का लाठी चार्ज भी किया। इससे नाराज होकर युवकों ने पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े तो उपद्रवी भाग निकले।
देखिए प्रदर्शन की 8 तस्वीरें…

सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। रैली निकाली गई।

लोग अलग-अलग गांवों से प्रदर्शन में शामिल होने गौहरगंज पहुंचे।

धरनास्थल पर बैठे लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे भी लगाए।

महिलाएं ‘बंटोगे तो कटोगे’ के नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं।

धरने में सभी समाजों के लोग शामिल हुए।

बच्चों के हाथों में हिंदू जागो जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं।

धरना खत्म होने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

पुलिस ने लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ा।