पिछले एक साल से टीम इंडिया अपने घर पर जिस तरह से टेस्ट में बड़ी टीमों के खिलाफ सरेंडर कर रही है, उसे देखकर भारतीय क्रिकेट को वर्षों से फॉलो कर रहे फैंस हैरान हैं. एक समय था जब भारत अपने पर शेर की तरह विरोधी टीमों का शिकार करता था. 2024 में न्यूजीलैंड ने इस दबदबे को खत्म किया और अब साउथ अफ्रीका ने जख्म को और गहरा कर दिया है. सवाल ये उठता है कि कहां सबसे बड़ी चूक हो रही है? इसमें कहीं से कोई संदेह नहीं है कि टीम इंडिया में एक से बढ़कर एक टैलेंटेड खिलाड़ी मौजूद हैं.
हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि इसी टीम ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी धरती पर अच्छा प्रदर्शन किया था और सीरीज ड्रॉ कराने में सफल रही थी. लेकिन उस दौरे पर भी एक बड़ी कमी खली थी, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में पूरी तरह से उजागर हो गई है. टीम इंडिया को ‘नई दीवार’ की तलाश है.
द्रविड़-पुजारा जैसा नहीं मिलेगा दोबारा?
आप इतिहास उठाकर देख लीजिए, जब भी कोई टीम टेस्ट में सालों तक सफल रही है तो उसका नंबर-3 पर बैटिंग करने वाला खिलाड़ी टॉप का रहा है. भारतीय क्रिकेट में भी 25 सालों तक इस नंबर पर दो बल्लेबाजों ने राज किया है. पहले राहुल द्रविड़ और फिर चेतेश्वर पुजारा. जब टीम इंडिया की ‘दीवार’ कहे जाने वाले दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ ने रिटायरमेंट ली तो पुजारा इस भूमिका में आए. द्रविड़ से उनकी तुलना बेईमानी होगी, लेकिन उन्होंने अपने करियर में नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए न्याय जरूर किया.
चेतेश्वर पुजारा भारत के लिए तीसरे नंबर पर टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 95 मैचों में 6,529 रन बनाए हैं, जिसमें 18 शतक और 32 अर्धशतक शामिल हैं. WTC 2023 फाइनल में हार के बाद पुजारा को टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया और तब से लेकर अब तक इस स्थान पर 6 खिलाड़ियों को आजमाया गया है, लेकिन ‘नई दीवार’ की तलाश अभी भी जारी है.
13 महीने में आजमाए गए 7 खिलाड़ी
चेतेश्वर पुजारा को टीम से बाहर करने के बाद नंबर-3 पर पिछले 13 महीने में 7 खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई बल्लेबाज इस अहम पोजिशन पर खुद को स्थापित नहीं कर सका है. 1 सितंबर 2024 से भारत ने नंबर-3 पर 7 बल्लेबाजों को आजमाया है. इस लिस्ट में शुभमन गिल से लेकर करुन नायर, साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर तक का नाम शामिल है. आइए देखते हैं सभी का रिकॉर्ड्स कैसा रहा है.
नंबर 3 पर भारतीय बल्लेबाजों का रिकॉर्ड ( पिछले 13 महीनों से)
शुभमन गिल- 13 पारियों में 401 रन, औसत- 33.4
साई सुदर्शन- 11 पारियों में 302 रन, औसत- 27.5
करुन नायर- 4 पारियों में 111 रन, औसत- 27.8
विराट कोहली- 2 पारियों में 70 रन, औसत- 35.00
वाशिंगटन सुंदर- 2 पारियों में 60 रन, औसत- 30.00
देवदत्त पडिक्कल- 2 पारियों में 25 रन, औसत- 12.5
केएल राहुल- 2 पारियों में 24 रन, औसत- 12.00
विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद शुभमन गिल ने उनकी जगह ले ली और वो तब से नंबर-4 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है. इस दौरान नंबर-3 पर साई सुदर्शन को सबसे ज्यादा मौके मिले हैं, लेकिन वो इसके साथ न्याय नहीं कर सके हैं. दुख की बात तो ये भी है कि नंबर-3 पर जब ये ‘म्यूजिकल चेयर’ का खेल चल रहा था, उसी दौरान चेतेश्वर पुजारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा भी कर दी.
ये भी पढ़ें: कहानी खत्म या पिक्चर अभी बाकी… SA से हारने के बाद WTC Final में कैसे पहुंच सकती है टीम इंडिया? समझें समीकरण