स्टार कल्चर खत्म करने आए थे गंभीर, सुपर स्टार टेस्ट टीम का दबदबा हो गया खत्म!

स्टार कल्चर खत्म करने आए थे गंभीर, सुपर स्टार टेस्ट टीम का दबदबा हो गया खत्म!


Last Updated:

Gautam gambhir against star culture:भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के सख्त रवैये की वजह से रोहित शर्मा, विराट कोहली, आर अश्विन ने संन्यास लिया. टीम इंडिया में स्टार कल्चर खत्म करने की वकालत करते हुए आए गंभीर और आज अपने घर पर टेस्ट टीम का हाल बेहाल हो गया.

भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम का हाल टेस्ट में जो हुआ है उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. अपने घर पर आज टीम सीरीज जीत हासिल करने के लिए तरस रही है. पहले न्यूजीलैंड ने आकर क्लीन स्वीप किया और अब साउथ अफ्रीका की टीम ने वैसे ही सूपड़ा साफ कर दिया. ये हुआ है टीम इंडिया को लेकर प्रयोग पर प्रयोग करने वाले कोच गौतम गंभीर की वजह से. ये बात भले ही वो ना माने लेकिन जिस तरह से उन्होंने पिछले कुछ महीनों में टीम को चलाने के लिए अजीब फैसले लिए ये उसी का नतीजा है. स्टार कल्चर के खिलाफ रहे गंभीर ने एक सुपर स्टार टीम का बंटाधार कर दिया.

गौतम गंभीर हमेशा टीम की जीत को किसी खास से जोड़ने से चिढ़ते रहे हैं. उनको खुलकर कहते सुना गया कि टीम के 11 खिलाड़ी मिलकर जीत हासिल करते हैं. कोई एक खिलाड़ी स्टार नहीं होता इसी वजह से वो महेंद्र सिंह धोनी को भी 2011 वर्ल्ड कप जीत का क्रेडिट पूरी तरह से नहीं देते. उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि एक छक्के ने भारत को वर्ल्ड कप नहीं जिताया. जब गंभीर टीम के मुख्य कोच बने तो आते ही बड़े खिलाड़ियों को साइड लाइन करना शुरू कर दिया. ये बात भले ही लोग ना माने लेकिन सीनियर और महान खिलाड़ियों को बिना विदाई मैच खेले संन्यास लेने पर मजबूर होना पड़ा. रोहित, विराट और आर अश्विन खेलना चाहते थे और इसे लेकर तीनों के दिए गए बयान सबके सामने हैं. खैर ये बात अंदर ही दबी रह जाएगी कि इन तीनों ने संन्यास क्यों लिया.

स्टार कल्चर खत्म

ये कोई माने या ना माने रोहित शर्मा, विराट कोहली के टेस्ट और आर अश्विन के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के पीछे कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का सख्त रवैया है. इन तीनों के अंदर अब भी क्रिकेट बाकी था. ये वो नाम है जो स्टार हैं और अपनी बात खुलकर रखने के लिए जाने जाते हैं. अगर ये टीम में रहते तो कोच गंभीर को अपने तरह से प्रयोग करने और टीम चलाने नहीं देते. खराब फॉर्म होने पर दबाव बनाया और तीनों ने संन्यास ले लिया. तीनों के टीम से अलग होने के बाद स्टार कल्चर खत्म हो गया. अब जो भी टीम में हैं वो या तो गंभीर और अगरकर के लाए हुए या फिर ऐसे जिनकी जगह पक्की नहीं.

सुपर स्टार टीम का बंटाधार

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम का अपने घर पर जो हाल हुआ वो बद से बदतर है. पहले कोलकाता में 124 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए अब फिर गुवाहाटी टेस्ट में भारत को 408 रन की शर्मनाक हार मिली. एक टीम जो अपने घर पर अजेय मानी जाती थी, उसे बुरी तरह से रौंद कर साउथ अफ्रीका ने सीरीज जीत ली. इसके पीछे कोच गौतम गंभीर के मनमाने फैसले रहे. ओपनिंग में सफल रहे रोहित शर्मा बाहर गए जबकि मिडिल आर्डर की जान विराट कोहली ने भी संन्यास ले लिया. रवींद्र जडेजा के जोड़ीदार आर अश्विन के जाने की टीम को खामियाजा उठाना पड़ा. सुपर स्टार से भरी टीम घर पर विरोधियों को सिर उठाने का मौका नहीं देती थी. स्टार कल्चर ने पिछले दशक में भारत का किला अभेद बनाया था लेकिन उनको जाते ही टीम का हाल बेहाल हो गया.

स्टार टीम में नहीं आए, कम अनुभवी खिलाड़ी चलेंगे

कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने टेस्ट टीम से सरफराज खान जैसे खिलाड़ी को बाहर बिठा रखा है. घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने के बाद उन्होंने फिटनेस पर काम किया. 10 किलो तक वजन कम किया लेकिन फिर भी वो टीम से बाहर हैं. साई सुदर्शन को तीसरे नंबर पर मौका दिया गया लेकिन सरफराज को नहीं चुना गया. वाशिंगटन सुंदर तक इस नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. 60 फर्स्ट क्लास मैच में 16 शतक के साथ 4863 रन बनाने वाला बाहर है लेकिन 39 फर्स्ट क्लास मैच खेलकर 2591 रन बनाने वाला टीम है. कोई कोच और चयनकर्ता से पूछे उनको किस वजह से बाहर बिठाया है. ये बात किसी से छुपी नहीं है कि सरफराज खान एक स्टार हैं और भले टीम में रहे या ना रहे लोग उनके बारे में बातें करते रहेंगे.

Viplove Kumar

15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें

15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब… और पढ़ें

homecricket

स्टार कल्चर खत्म करने आए थे गंभीर, सुपर स्टार टेस्ट टीम का दबदबा हो गया खत्म!



Source link