ये 4 खिलाड़ी टीम में वापस आ गए तो फिर टेस्ट में नंबर-1 बन जाएगा भारत! 2 दिग्गजों को तोड़ना होगा संन्यास

ये 4 खिलाड़ी टीम में वापस आ गए तो फिर टेस्ट में नंबर-1 बन जाएगा भारत! 2 दिग्गजों को तोड़ना होगा संन्यास


भारत बनाम साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले अगर कोई कहता कि टीम इंडिया अपनी ही धरती पर अफ्रीकी टीम के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज हार जाएगी तो यह मजाक लगता, लेकिन अब इस नतीजे को हकीकत में बदलते देख सभी के होश उड़ गए हैं. भारत की टेस्ट टीम में कई युवा धुरंधर क्रिकेटर्स मौजूद थे, लेकिन उन्होंने लड़ाई लड़ने की बजाय साउथ अफ्रीकी टीम के सामने घुटने टेक दिए. केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, नीतीश रेड्डी, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल जैसे बल्लेबाजों ने साउथ अफ्रीका के आम स्पिनरों को भी अपने ऊपर हावी होने दिया.

टेस्ट में भारत को मजबूत बनाएंगे ये 4 खिलाड़ी

इसके अलावा कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज गेंदबाजी के मोर्चे पर साउथ अफ्रीकी बॉलिंग अटैक के मुकाबले पिछड़ते हुए नजर आए. बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही डिपार्टमेंट में टीम इंडिया की कमजोरियों का फायदा उठाकर साउथ अफ्रीका की टीम 25 साल बाद भारत की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाब रही है. हालांकि अभी भी देर नहीं हुई है. BCCI की सेलेक्शन कमिटी अगर 4 खिलाड़ियों को टेस्ट टीम में वापस लेकर आ गई तो फिर भारत एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 टीम बन सकता है. आइए एक नजर डालते हैं इन 4 खिलाड़ियों पर-

Add Zee News as a Preferred Source


1. विराट कोहली

विराट कोहली ने इस साल मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था, लेकिन वह लाल गेंद की क्रिकेट में टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं. विराट कोहली अभी भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं. विराट कोहली अभी 37 साल के हैं और उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है. BCCI की सेलेक्शन कमिटी अगर विराट कोहली को अपना संन्यास तोड़कर दोबारा टेस्ट क्रिकेट में लौटने का आग्रह करे तो इससे टीम इंडिया को फायदा मिलेगा. मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली जैसे बल्लेबाज की मौजूदगी से भारतीय टेस्ट टीम की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी.

2. अजिंक्य रहाणे

अजिंक्य रहाणे फास्ट और स्पिन बॉलिंग खेलने में महारथी हैं. मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम का मिडिल ऑर्डर बहुत कमजोर है, जिसमें अजिंक्य रहाणे की बहुत जरूरत है. अजिंक्य रहाणे ऐसे बल्लेबाज हैं तो मुश्किल हालात में भी क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े रहते हैं और रन बनाते हैं. अजिंक्य रहाणे ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर खेला था. अजिंक्य रहाणे भारत के लिए अभी तक 85 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 38.46 की औसत से 5077 रन बनाए हैं. अजिंक्य रहाणे ने अपने टेस्ट करियर में 12 शतक और 26 अर्धशतक लगाए हैं. भारतीय टीम मैनेजमेंट को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से सबक लेकर अजिंक्य रहाणे को वापस बुलाना चाहिए.

3. मोहम्मद शमी

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी से टेस्ट क्रिकेट में भारत का फास्ट बॉलिंग अटैक और भी मजबूत हो जाएगा. टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है और उसे गेंदबाजी डिपार्टमेंट में मोहम्मद शमी की कमी खल रही है. मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अभी तक 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट हासिल किए हैं. मोहम्मद शमी ने भारत की धरती पर 21 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 76 विकेट चटकाए हैं. मोहम्मद शमी गेंद को तेजी के साथ हवा में मूव कराने का यूनिक टैलेंट रखते हैं. फिटनेस का हवाला देते हुए सेलेक्टर्स ने टेस्ट टीम से मोहम्मद शमी को बाहर किया हुआ है. BCCI की सेलेक्शन कमिटी अगर मोहम्मद शमी को टेस्ट टीम में वापस लेकर आ गई तो फिर भारत एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 टीम बन सकता है.

4. रविचंद्रन अश्विन

रविचंद्रन अश्विन ने पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था. घातक वैरिएशन के साथ गेंदबाजी करने वाले अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद भारत का स्पिन बॉलिंग डिपार्टमेंट बहुत कमजोर हो गया है. साउथ अफ्रीका के लिए 36 साल के अनुभवी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 17 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड जीता. वहीं, भारत को अपने अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की कमी खली जो टेस्ट क्रिकेट में 537 विकेट हासिल कर चुके हैं. रविचंद्रन अश्विन को अगर संन्यास तोड़कर वापस बुलाया जाता है, तो वह भारत की टेस्ट टीम को बहुत मजबूत बना सकते हैं. भले ही रविचंद्रन अश्विन 39 साल के हैं, लेकिन एक स्पिन गेंदबाज के लिए 42 साल की उम्र तक भी क्रिकेट खेलना समस्या का कोई कारण नहीं है.



Source link