Last Updated:
Trips And Trik: सर्दियों में एड़ियों का फटना आम परेशानी बन जाती है. इसे आसानी से घरेलू उपायों से ठीक किया जा सकता है. घर में मौजूद प्राकृतिक चीज़ें एड़ियों की सूखापन, दर्द और दरारों को तेजी से भरती हैं. नियमित देखभाल के साथ ये नुस्खे एड़ियों को दोबारा मुलायम और स्वस्थ बना देते हैं.
ठंड का मौसम आते ही शरीर की नमी कम होने लगती है, जिससे त्वचा रूखी और संवेदनशील हो जाती है. इसी कारण पैरों की एड़ियों में दरारें पड़ना आम समस्या बन जाती है. तापमान गिरते ही एड़ियों की त्वचा तेजी से सूखती है और कठोर होकर फटने लगती है. अगर समय रहते देखभाल न की जाए, तो ये हल्की दरारें दर्द और संक्रमण तक बढ़ सकती हैं.

फटी एड़ियां सिर्फ दिखने में खराब नहीं लगतीं, बल्कि चलने-फिरने में भी बड़ी परेशानी पैदा करती हैं. कई बार दरारें इतनी गहरी हो जाती हैं कि हर कदम पर तेज दर्द महसूस होता है और कुछ मामलों में खून तक निकलने लगता है. अगर समय पर देखभाल न की जाए, तो यह साधारण समस्या धीरे-धीरे गंभीर रूप ले सकती है और इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है.

फटी एड़ियों की समस्या से राहत पाने के लिए लोग अक्सर तरह-तरह की क्रीम और दवाइयों पर पैसा खर्च कर देते हैं, लेकिन कई बार ये उपचार भी पूरी तरह असर नहीं दिखा पाते. ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय बेहद कारगर साबित हो सकते हैं. आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के अनुसार, घर में उपलब्ध प्राकृतिक चीज़ों से एड़ियों की सूखापन, दर्द और दरारों को आसानी से ठीक किया जा सकता है. यहां जानिए वे प्रभावी घरेलू नुस्खे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

उज्जैन के आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. शर्मा बताते हैं कि फटी एड़ियों में होने वाला दर्द धीरे-धीरे बढ़ सकता है, लेकिन इसका आसान घरेलू समाधान बेहद प्रभावी है. वे कहते हैं कि ताज़ा एलोवेरा जेल निकालकर उसमें थोड़ा नारियल तेल मिलाएं और रात में सोने से पहले एड़ियों पर अच्छी तरह लगाकर मोजे पहन लें.नियमित 10–15 दिन उपयोग करने पर एड़ियों की दरारें भरने लगती हैं और दर्द भी कम हो जाता है.

सर्दियों में जब एड़ियां फटने लगें तो घर में मौजूद आलू एक बेहतरीन उपाय बन सकता है. एक-दो आलू उबालकर अच्छी तरह मैश करें और उसमें थोड़ा दूध मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें.इस मिश्रण को एड़ियों पर लगाकर लगभग 30 मिनट तक छोड़ दें. फिर गुनगुने पानी से धो लें. bनियमित रूप से करने पर एक सप्ताह में ही दरारें भरने लगती हैं और एड़ियों की कोमलता वापस आ जाती है.

सर्दियों में फटी एड़ियों को ठीक करने के लिए सिरका और नमक का उपयोग बेहद असरदार माना जाता है. बस गरम पानी में दोनों चीज़ें मिलाकर रोज़ाना 15–20 मिनट तक पैर भिगोएं. यह प्रक्रिया एड़ियों की कड़ी त्वचा को नरम करती है और जमा हुई मृत त्वचा आसानी से हट जाती है. नियमित एक हफ्ते तक करने पर गहरी दरारें भरने लगती हैं और एड़ियां मुलायम व स्वस्थ दिखने लगती हैं.

फटी एड़ियों की देखभाल में नींबू और शहद का मिश्रण बेहद प्रभावी माना जाता है. नींबू की प्राकृतिक ब्लीचिंग क्षमता त्वचा को साफ करती है, जबकि शहद उसे मुलायम और पोषित बनाता है. दोनों को मिलाकर एड़ियों पर 15–20 मिनट लगाएं और फिर धो लें. इससे मृत त्वचा आसानी से हटती है और एड़ियां चमकदार दिखने लगती हैं.इसे एक सप्ताह तक रोज़ाना अपनाएं, परिणाम स्पष्ट नजर आएंगे.

एड़ियों को ठीक करने में हल्की मालिश बेहद फायदेमंद मानी जाती है.नियमित मालिश न सिर्फ दरारों को भरने में मदद करती है, बल्कि तनाव और अनिद्रा जैसी समस्याओं से भी राहत देती है. इसके लिए सरसों, नारियल या बादाम का तेल इस्तेमाल किया जा सकता है. बस रात में सोने से पहले पैरों पर तेल लगाकर कुछ मिनट मालिश करें.लगातार किए जाने पर एड़ियां मुलायम होने लगती हैं और दर्द भी कम होता है.