खरगोन पुलिस ने महाराष्ट्र सीमा पर गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने 5 गौवंश को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया। तस्कर अपनी पिकअप छोड़कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने 8 लाख रुपये मूल्य की पिकअप गाड़ी जब्त कर ली है।
.
हेलापडावा पुलिस चौकी पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, वाहन चालक नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर तस्कर वाहन छोड़कर जंगल में भाग निकले। जब्त पिकअप में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 5 गौवंश मिले।
पुलिस को चिरिया से महाराष्ट्र की ओर पिकअप वाहन क्रमांक MP10G3549 से गोवंश तस्करी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर चित्तौड़गढ़-भुसावल हाईवे पर नाकाबंदी की गई थी।
गोवंश को मुक्त कराने के बाद हेलापड़ावा चौकी पर आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जब्त पिकअप के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।