रांची: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत 30 नवंबर से हो रही है. सीरीज का पहला मैच रांची में खेला जाएगा. मुकाबले के लिए टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी रांची पहुंचे गए हैं. ऐसे में भारतीय टीम क्रिकेट मैच के लिए रांची पहुंचे और यहां के राजकुमार यानी महेंद्र धोनी के घर ना जाए ऐसा हो नहीं सकता. ऐसे में गुरुवार शाम टीम इंडिया के खिलाड़ी रांची में स्थिति धोनी के घर डिनर पार्टी के लिए गए. होटल से धोनी के घर तक टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए सुरक्षा को चाक चौबंद रखा गया था.
सोशल मीडिया पर कई सारे वीडियो सामने आए हैं, जिसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत को धोनी के घर जाते हुए देखा गया. टीम के अन्य खिलाड़ी भी धोनी के घर डिनर पार्टी के लिए पहुंचे. बता दें कि इससे पहले भी रांची में क्रिकेट मैच खेलने आई भारतीय धोनी के घर डिनर पार्टी के लिए पहुंचे हैं.
रोहित-विराट से धोनी का याराना
भारतीय क्रिकेट टीम में धोनी, विराट और रोहित का एक अलग ही याराना रहा है. धोनी के बाद विराट कोहली ही टीम इंडिया के उत्तराधिकारी बने थे. क्रिकेट के मैदान पर विराट और धोनी की जुगलबंदी खूब जमती थी. इसके अलावा रोहित शर्मा की भी धोनी से खूब बनती हैं. वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत तो धोनी को अपने बड़े भाई की तरह मानते हैं और उन्ही की तरह कीपिंग और बैटिंग में खुद ढालने की कोशिश करते हैं, जिससे उन्हें सफलता भी मिली है.
टीम इंडिया के लिए अहम है वनडे सीरीज
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत रांची से हो रही है. वनडे से पहले भारतीय टीम को मेहमान टीम से टेस्ट में 2-0 से करारी हार मिल चुकी है. ऐसे में टीम इंडिया की कोशिश होगी कि वह नए कप्तान केएल राहुल की अगुवाई में जीत के साथ अभियान की शुरुआत करें. राहुल को चोटिल शुभमन गिल की जगह कप्तानी सौंपी गई है.
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड-
केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल.