Anshul Kamboj Super Over vs Abhishek Sharma: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार (28 नवंबर) को हरियाणा और पंजाब के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. सांसें रोक देने वाले इस मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ और उसमें हरियाणा ने बाजी मार ली. अभिषेक शर्मा और रमनदीप सिंह जैसे खूंखार बल्लेबाज भी पंजाब को जीत नहीं दिला पाए. मुकाबले के हीरो हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज रहे. उन्होंने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से टीम को हारी हुई बाजी में जीत दिला दी. हरियाणा की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है. उसे पहले मुकाबले में पुडुचेरी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.
हरियाणा ने बनाया पहाड़ स्कोर
हैदराबाद में हाई-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमें 207 रन पर बराबर रहीं. बल्लेबाजी करने के लिए बुलाए जाने पर हरियाणा ने कप्तान अंकित कुमार और ऑलराउंडर निशांत सिंधु की हाफ सेंचुरी की मदद से बड़ा स्कोर बनाया. अंकित ने 26 गेंदों पर 51 रन बनाकर शुरुआत में लय बनाए रखी, जबकि सिंधु ने बीच के ओवरों में 31 गेंदों पर 61 रन बनाकर टीम को संभाला. सुमित कुमार ने आखिर में तेजी से 28 रन बनाकर हरियाणा को नौ विकेट पर 207 रन तक पहुंचाया. पंजाब के लिए अश्विनी कुमार ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए.
ये भी पढ़ें: कौन है अनुष्का शर्मा? RCB-MI ने WPL ऑक्शन में लगाई बोली, लेकिन इस टीम ने मार ली बाजी
अंशुल ने बरपाया कहर
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अभिषेक शर्मा छह रन पर आउट हो गए और प्रभसिमरन सिंह जल्द ही 20 रन पर आउट हो गए. दोनों को अंशुल कंबोज ने आउट किया. इसके बाद अनमोलप्रीत सिंह ने पलटवार किया, तो टीम की लय तेजी से बदल गई. उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर 81 रन बनाए. उन्हें डेथ ओवरों में सनवीर सिंह का साथ मिला, जिन्होंने 16 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर पंजाब को वापसी दिलाई और 20 ओवर के आखिर में मैच टाई करा दिया. अंशुल ने 4 ओवरों में 26 रन देकर दो विकेट लिए.
ये भी पढ़ें: WPL Auction: 11 खिलाड़ी करोड़पति…यूपी वॉरियर्स ने चौंकाया, दीप्ति-अमेलिया की चांदी, यहां देख लें पूरी लिस्ट
सुपर ओवर का गजब रोमांच
सुपर ओवर में ड्रामा और बढ़ गया. पंजाब की उम्मीदें अभिषेक और सनवीर पर थीं, लेकिन कंबोज ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए मैच को पलट दिया. दोनों पहली गेंद पर डक पर आउट हो गए, जिससे टीम हैरान रह गई. रमनदीप 1 रन बनाकर नाबाद रहे. अंशुल ने सुपर ओवर में 3 गेंदों में 1 रन देकर दो विकेट लिए. हरियाणा को जीत के लिए सिर्फ दो रन चाहिए थे. उसने बिना किसी परेशानी के मैच को अपने नाम कर लिया.