Ireland vs UAE: भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीमों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में आयरलैंड ने भारतीय उपमहाद्वीप के नजदीक यूएई में टी20 सीरीज खेलने की योजना बनाई है. वह यूएई के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा. दोनों टीमों ने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया है. वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ सीरीज खेलने पर सहमति जताई है.
आयरलैंड पर यूएई का पलड़ा भारी
सीरीज की शुरुआत 29 जनवरी को होगी. इसके बाद दूसरा मुकाबला 31 जनवरी को खेला जाएगा. ये दोनों मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होंगे. यूएई और आयरलैंड के बीच इससे पहले 11 टी20 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें यूएई का पलड़ा भारी रहा है. यूएई ने 7 मैच जीते हैं, जबकि 4 मैचों में आयरलैंड को जीत मिली है.
एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ने दिया बयान
एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुभान अहमद ने शुक्रवार को कहा, ”हमारी टीम ने एशिया कप में अच्छा अनुभव हासिल किया. हमें आयरलैंड के यूएई दौरे की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है. इससे दोनों टीमों को फायदा होगा और आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए अच्छा मंच मिलेगा. एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड में हमने हमेशा आईसीसी के पूर्ण सदस्यों की नियमित रूप से मेजबानी करके अपने खिलाड़ियों को अच्छा एक्सपोजर देने की कोशिश की है. 2025 में हमने बांग्लादेश की मेजबानी की और उसके बाद शारजाह में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के साथ त्रिकोणीय टी20 सीरीज भी खेली.”
ये भी पढ़ें: शर्मनाक: इंटरनेशनल क्रिकेटर ने महिला को मारा मुक्का, फिर चुराया फोन, पुलिस ने दबोचा
क्रिकेट आयरलैंड का प्लान
क्रिकेट आयरलैंड के क्रिकेट निदेशक रिचर्ड होल्ड्सवर्थ ने कहा, ”यूएई के खिलाफ यह सीरीज हमारे खिलाड़ियों के लिए एक शानदार वार्म-अप कार्यक्रम का हिस्सा होगी. हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही और मैचों की घोषणा करेंगे. यूएई क्रिकेट को धन्यवाद. हम इतने बड़े स्टेडियम में खेलने का इंतजार कर रहे हैं.”