नई दिल्ली. मंसूर अली खान पटौदी ने जब शर्मिला टैगोर से शादी रचाई तो उस समय यह बहुत बड़ी बात रही होगी, लेकिन आज के समय में भारतीय क्रिकेटर्स और उनकी एक्ट्रेस संग शादी आम बात है. विराट कोहली और जहीर खान जैसे कई दिग्गज भारतीय सितारे फिल्मी दुनिया की हसीनाओं से 7 जन्मों के बंधन में बंध चुके हैं. आज हम ऐसे ही एक धाकड़ भारतीय क्रिकेटर की लव स्टोरी लेकर आए हैं, जिसने क्रिकेट के मैदान पर अपनी घूमती गेंदों पर खूंखार से खूंखार बल्लेबाजों को भी नचा दिया. जब-जब भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने गेंदबाजों का जिक्र होगा, इस स्टार का नाम जरूर लिया जाएगा. अब आप समझ ही चुके होंगे. चलिए सस्पेंस खत्म करते हैं…
पहली नजर में ही हुआ प्यार
दरअसल, हम बात कर रहे हैं दिग्गज भारतीय स्पिनर और भारत को अपने दम पर अनगिनत मैच जिताने वाले हरभजन सिंह की. हरभजन सिंह और बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा गीता बसरा की लव स्टोरी फिल्मी कहानी जैसी ही है. हरभजन सिंह का क्रिकेट करियर शानदार रहा. उन्होंने 103 टेस्ट मैचों सहित कुल 467 मैच खेलकर अपनी धाक जमाई. भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज हैं. क्रिकेट की पिच पर बल्लेबाजों को बोल्ड करने वाले भज्जी ने गीता बसरा को पहली नजर में देखते ही उनके प्यार में बोल्ड हो गए थे.
कैसी शुरू हुई हरभजन की लव स्टोरी?
हरभजन सिंह और गीता बसरा की लव स्टोरी की शुरुआत बड़ी दिलचस्प है. एक बार हरभजन ने गीता को उनके एक गाने के वीडियो में देखा. यह गाना था ‘वो अजनबी’. उस वीडियो को देखते ही हरभजन गीता पर फिदा हो गए. यह कपल पहली बार 2007 में लंदन में एक दोस्त की पार्टी में मिला था, जब इंडियन क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी. उन्होंने टीम के साथी युवराज सिंह से गीता का नंबर ले लिया, लेकिन कहानी में ट्विस्ट था. गीता उस वक्त अपने करियर पर ध्यान देना चाहती थीं, इसलिए इतनी आसानी से किसी को जिंदगी में नहीं आने देना चाहती थीं. इसी के चलते भज्जी को उनसे बात करने के लिए काफी पापड़ बेलने पड़े. हरभजन के फोन कॉल्स को गीता लगातार नजरअंदाज करती रहीं.
हरभजन सिंह पत्नी गीता बसरा के साथ.
गीता बसरा उस समय बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने में लगी थीं. उन्होंने 2006 में ‘दिल दिया है’ से डेब्यू किया था और फिर 2007 में थ्रिलर फिल्म ‘द ट्रेन’ में नजर आईं. हरभजन ने तो गीता को देखते ही अपना इरादा जाहिर कर दिया था. गीता ने एक बार बताया भी था कि हरभजन ने उनसे सीधे कह दिया था, ‘तेरे से ही शादी करूंगा.’ यह बात सुनकर गीता हैरान थीं, क्योंकि वह उस समय पूरी तरह से अपने एक्टिंग करियर पर ध्यान दे रही थीं और रिश्ते के लिए हिचकिचा रही थीं.
गीता ने हरभजन के सामने क्या शर्त रखी थी?
गीता ने हरभजन को ‘हां’ कहने के लिए पूरे 10 महीने तक इंतजार करया. उन्होंने मजाक में हरभजन के सामने एक शर्त रखी कि वह तभी हां कहेंगी जब वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करेंगे. हरभजन ने अपनी बात सच साबित कर दी. इस शर्त को उन्होंने कुछ ही दिनों बाद पूरा कर लिया और 300 विकेट का आंकड़ा छू लिया. इसके बाद गीता ने भी प्यार को एक मौका देने का फैसला कर लिया. रिश्ते की शुरुआत तो हो गई, लेकिन इस कपल ने करीब 8 साल तक अपने रिश्ते को दुनिया से छुपाए रखा. गीता अपना करियर बनाने में व्यस्त थीं और हरभजन क्रिकेट की बुलंदियों पर थे. अफवाहें तो बहुत उड़ीं पर उन्होंने तब तक इसे निजी ही रखा, जब तक वे इसे सबके सामने लाने के लिए तैयार नहीं हो गए.
2015 में हरभजन और गीता बसरा की हुई शादी.
कब हुई हरभजन की शादी?
आखिरकार 29 अक्टूबर 2015 को, दोनों ने शादी कर ली. जालंधर में पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों से उनकी शादी हुई. इसके बाद मुंबई में एक शानदार रिसेप्शन रखा गया, जहां क्रिकेट और बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे. यह उस दशक की सबसे चर्चित क्रिकेट-बॉलीवुड शादियों में से एक थी. आज, हरभजन और गीता दो प्यारे बच्चों के माता-पिता हैं, बेटी हिनाया (जन्म 2016) और बेटा जोवान (जन्म 2021). गीता ने अब एक्टिंग से ब्रेक ले लिया है और अपने परिवार पर ध्यान दे रही हैं, जबकि हरभजन ने क्रिकेट से संन्यास लेकर कमेंट्री और राजनीति में कदम रखा है.