MP के मल्हारगढ़ थाने को देशभर में 9वीं रैंक, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई, DGP ने पीठ थपथपाई

MP के मल्हारगढ़ थाने को देशभर में 9वीं रैंक, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई, DGP ने पीठ थपथपाई


रिपोर्ट: प्रीत शर्मा

Mandsaur News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में आयोजित डीजीपी और आईजी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस के दौरान देश के श्रेष्ठ थानों की रैंकिंग घोषित की. इस सूची में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ है. मल्हारगढ़ थाना देशभर के टॉप-10 उत्कृष्ट थानों में नौवें स्थान पर रहा, जो न केवल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे देश में पुलिस सेवा के उच्च मानकों का प्रतीक बन गया है.

कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा, यह रैंकिंग पुलिस थानों की दक्षता, जनसेवा और अपराध नियंत्रण की वास्तविक तस्वीर पेश करती है. उन्होंने 70 से अधिक पैमानों पर आधारित इस मूल्यांकन को पुलिस सुधार की दिशा में एक मील का पत्थर बताया. मल्हारगढ़ थाने को यह स्थान अपराध दर में कमी, प्रकरणों के शीघ्र निपटारे, थाने की स्वच्छता, पुलिसकर्मियों के व्यवहारिक कौशल और समुदाय-केंद्रित सेवाओं जैसे मानदंडों पर पूर्ण अंक प्राप्त करने के कारण मिला. यह प्रदेश का इकलौता थाना है, जो इस कठिन परीक्षा में सफल हुआ.

मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर मल्हारगढ़ थाने की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह हमारी पुलिस की मेहनत और समर्पण का प्रमाण है. मंदसौर जिले का यह थाना अब पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा.” उन्होंने थाने के प्रभारी अधिकारी और स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तर पर अतिरिक्त पुरस्कार की घोषणा भी की.

डीजीपी ने कहा, महान गौरव का पल
मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना ने इसे “महान गौरव का पल” बताते हुए कहा कि मल्हारगढ़ थाने ने न केवल अपराध ग्राफ को नीचे रखा, बल्कि जनता के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित किए. उन्होंने बताया कि मूल्यांकन में अपराध के प्रकरण सुलझाने की औसत अवधि मात्र 45 दिनों से कम रही, जो राष्ट्रीय औसत से 30 प्रतिशत बेहतर है. थाने की स्वच्छता और डिजिटल सेवाओं ने भी पूर्ण अंक हासिल किए.

मल्हारगढ़ थानेदार ने कहा, “यह सफलता हमारी टीम के सामूहिक प्रयास का फल है। हम जनता की सेवा को ही अपना धर्म मानते हैं।” इस उपलब्धि से मंदसौर जिला पुलिस का मनोबल बढ़ा है, और अब अन्य थाने भी इसी दिशा में कार्यरत हैं।

बता दें कि यह रैंकिंग केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल है, जिसमें देशभर के 16,000 से अधिक थानों का मूल्यांकन किया गया. टॉप-10 में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के थाने भी शामिल हैं, लेकिन मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व मल्हारगढ़ ने किया. स्थानीय निवासियों ने इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह थाना हमेशा से ही अपराधमुक्त गांवों का गढ़ रहा है.



Source link