टेस्ट क्रिकेट में सुनील गावस्कर का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी तक अमर है. दुनिया का कोई भी बल्लेबाज लिटिल मास्टर का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी तक नहीं तोड़ पाया है. 100 साल तक भी सुनील गावस्कर का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने के लिए दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज तरसते और तड़पते रहेंगे. सुनील गावस्कर के नाम भारत के लिए 125 टेस्ट मैचों में 10,125 रनों का रिकॉर्ड है, जिसमें 34 शतक और 45 अर्धशतक शामिल हैं. इसके बाद सुनील गावस्कर के टेस्ट रनों के रिकॉर्ड को सचिन तेंदुलकर ने तोड़ा था. सुनील गावस्कर ने भारत के लिए 108 वनडे मैचों में 3092 रन भी बनाए हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सुनील गावस्कर के नाम एक शतक और 27 अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड है.
टेस्ट क्रिकेट में अमर है सुनील गावस्कर का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
सुनील गावस्कर दुनिया के ऐसे इकलौते बल्लेबाज हैं, जो टेस्ट क्रिकेट की चारों पारियों में दोहरा शतक जड़ चुके हैं. सुनील गावस्कर के नाम टेस्ट क्रिकेट की पहली पारी में 205 रन, दूसरी पारी में नाबाद 236 रन, तीसरी पारी में 220 रन और चौथी पारी में 221 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. सुनील गावस्कर का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड दुनिया का कोई भी बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है. सुनील गावस्कर ने 1971 से लेकर 1983 तक ये कमाल कर दिया था. सुनील गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली, दूसरी और तीसरी पारी में दोहरा शतक लगाया था. वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ चौथी पारी में दोहरा शतक जमाया था.
सुनील गावस्कर ने टेस्ट की चारों पारियों में दोहरा शतक कब-कब ठोका?
सुनील गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट मैच की तीसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक लगाया और 220 रनों की पारी खेली. इस महान बल्लेबाज ने इसके बाद 1978 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई टेस्ट की पहली पारी में दोहरा शतक जड़ते हुए 205 रन बनाए. 1979 में सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड के खिलाफ लंदन टेस्ट की चौथी पारी में 221 रन बनाकर इतिहास रच दिया था. 1983 में खेले गए चेन्नई टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए सुनील गावस्कर ने नाबाद 236 रनों की पारी खेली.
1976 से 1985 तक भारतीय टीम की कप्तानी की
सुनील गावस्कर का जन्म 10 जुलाई 1949 को मुंबई में हुआ था. सुनील गावस्कर ने 1976 से 1985 तक सभी फॉर्मेट्स में भारतीय टीम की कप्तानी की थी. सुनील गावस्कर की कप्तानी में कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर और रवि शास्त्री जैसे खिलाड़ी खेल चुके हैं. भारत ने जब कपिल देव की कप्तानी में 1983 का वर्ल्ड कप जीता था तो सुनील गावस्कर उस टीम का हिस्सा थे. सुनील गावस्कर को भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के महान बल्लेबाजों में गिना जाता है.