Last Updated:
AUS vs ENG Ashes 2025-26: एशेज सीरीज 2025-26 के दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लग सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड को घुटने में चोट लगी है, जिसके कारण वह गाबा में होने वाले टेस्ट मैच से बाहर हो सकते हैं. सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.
नई दिल्ली: एशेज सीरीज के पहले मैच में मिली हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए एक नई मुसीबत सामने आ गई है. इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज दूसरा टेस्ट मैच 4 दिसंबर को गाबा में खेलना है, लेकिन उससे पहले टीम के मुख्य तेज गेंदबाज मार्क वुड को चोट लग गई है. ऐसे में मार्क वुड दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो सकते हैं. ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के मुताबिक मार्क वुड को घुटने में चोट लगी है, जिसके कारण उनके खेलने पर अब संशय है.
सीरीज में 1-0 से पिछड़ने के बाद कप्तान बेन स्टोक्स नहीं चाहते हैं कि वह मार्क को लेकर कोई रिस्क लें, क्योंकि गाबा के बाद तीन टेस्ट मैच और खेलने हैं. ऐसे में मार्क वुड को फिट होने के लिए वह पूरा समय देना चाहते हैं, ताकि वह तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हो सके. मेहमान टीम सीरीज का पहला टेस्ट हार चुकी है और एक और हार से बचे हुए तीन टेस्ट उनके लिए करो या मरो का हो जाएगा.
कितने महीने बाद मार्क वुड ने की थी वापसी
बता दें कि मार्क वुड इंग्लैंड के लिए लंबे समय बाद वापसी की थी. 9 महीने पहले मार्क वुड ने मेडियल लिगामेंट लिए घुटने की सर्जरी कराई थी. मार्क वुड पर्थ टेस्ट से पहले इंग्लैंड के लिए आखिरी बार अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर उतरे थे. ऐसे में एक बार फिर से उनका चोटिल हो जाना इंग्लैंड के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है.
क्या सभी मैच में खेलने के लिए तैयार हैं वुड
मार्क वुड मौजूदा समय में दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक माने जाते हैं. हालांकि, फिटनेस की समस्याओं ने मार्क वुड की चमक को फीका कर दिया है. इसके अलावा मार्क वुड की उम्र भी अब 36 साल हो गई है. ऐसे में वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत मार्क वुड को वैसे भी आराम दिया जाना था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट के दौरान वुड फॉक्स क्रिकेट के साथ एक बातचीत कहा भी था कि वह सभी मैच में नहीं खेल पाएंगे.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें