.
नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। ट्रैक्टर-ट्राली, कृषि यंत्र और मालवाहक वाहन जहां-तहां खड़े रहते हैं। इससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। वाहन चालकों की लापरवाही और पार्किंग की व्यवस्था न होने से रोजाना जाम लगता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टरों के साथ लगे कृषि यंत्र तेज और नुकीले होते हैं। ये अनियंत्रित खड़े रहें तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद यहां ट्रैफिक पुलिस या निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं है। नगर के अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं। लेकिन बस स्टैंड जैसे अहम स्थान पर ट्रैफिक और वाहन व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पार्षद साजिद खान ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारना जरूरी है। नागरिक बृज नारायण गौड़ ने कहा कि यह जिले का सबसे बेहतर बस स्टैंड है। लेकिन अव्यवस्थित वाहनों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। नगरपरिषद अध्यक्ष लक्ष्मी हेमराज मीणा ने कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र में सुधार के लिए संबंधित विभाग से चर्चा की जाएगी। जल्द कार्रवाई होगी।