IND vs SA 1st ODI: भारतीय टीम मैनजेमेंट और हेड कोच गौतम गंभीर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ आज रांची में होने वाले पहले वनडे मैच के लिए प्लेइंग इलेवन चुनने के दौरान एक मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ेगा. वह मुश्किल चुनौती है, टीम इंडिया का नंबर-4 बल्लेबाज का चयन करना. भारतीय टीम मैनजेमेंट टेंशन में है कि आखिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में किस बल्लेबाज को नंबर-4 पर मौका दिया जाए. ऐसा इसलिए, क्योंकि 3 विस्फोटक बल्लेबाजों में नंबर-4 बैटिंग पोजीशन के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है.
कौन होगा भारत का नंबर-4 बल्लेबाज?
तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और ऋषभ पंत के बीच नंबर-4 बैटिंग पोजीशन के लिए कांटे की टक्कर है. टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली की जगह टॉप ऑर्डर में बुक है. जबकि नंबर-4 बैटिंग पोजीशन पर कौन उतरेगा यह अभी तय नहीं है. केएल राहुल नंबर-5 पर बैटिंग करने उतरेंगे. वहीं, नंबर-6 पर रवींद्र जडेजा और नंबर-7 पर वॉशिंगटन सुंदर का बैटिंग के लिए उतरना पक्का माना जा रहा है. असली लड़ाई नंबर-4 बैटिंग पोजीशन की है.
टेंशन में टीम इंडिया
भारतीय टीम मैनजेमेंट और हेड कोच गौतम गंभीर को प्लेइंग इलेवन में नंबर-4 बल्लेबाज का चयन काफी सोच समझकर करना होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि वनडे फॉर्मेट में बीच के ओवरों के दौरान टीम के स्कोरिंग रेट को बेहतर बनाए रखने में नंबर-4 बल्लेबाज का बड़ा रोल होता है.श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में नंबर-4 बैटिंग पोजीशन के लिए BCCI के सेलेक्टर्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ तिलक वर्मा को टीम में शामिल किया. हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ऋतुराज गायकवाड़ को नंबर 4 बैटर के तौर पर चुना जा सकता है.
तिलक वर्मा के रिकॉर्ड्स
तिलक वर्मा ने 15 सितंबर 2023 को बांग्लादेश के खिलाफ आर. प्रेमदासा स्टेडियम में एशिया कप 2023 मैच के दौरान भारत के लिए अपना ODI डेब्यू किया था. तिलक वर्मा ने अब तक 4 ODI मैच खेले हैं और 68 रन बनाए हैं. उन चार ODI मैचों में, तिलक वर्मा दो बार नंबर 3 पर बैटिंग करने आए और एक-एक बार नंबर 4 और नंबर 5 पर बैटिंग की. ODI में नंबर 5 बैटर के तौर पर तिलक वर्मा के नाम एक हाफ सेंचुरी (52) है. लेकिन तिलक वर्मा ODI में भारत के लिए नंबर 4 बैटर के तौर पर अपनी एकमात्र इनिंग में (जोहान्सबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ) 1 रन पर नाबाद रहे.
ऋषभ पंत का नंबर 4 पर प्रदर्शन
तिलक वर्मा टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के नंबर 4 बल्लेबाज हैं और उन्होंने उस पोजीशन पर अच्छा परफॉर्म किया है, इसलिए वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ कम से कम तीन वनडे मैचों के लिए श्रेयस अय्यर की जगह नंबर 4 बल्लेबाज बनने की रेस में सबसे आगे हैं. ऋषभ पंत ODI में टीम इंडिया के फर्स्ट-चॉइस विकेटकीपर बल्लेबाज नहीं हैं. ऋषभ पंत ने अब तक 31 वनडे मैच खेले हैं, उन्होंने उन 31 मैचों में से 17 में नंबर 4 पर बैटिंग की है और 97.07 के स्ट्राइक रेट से कुल 498 रन बनाए हैं. ODI में टीम इंडिया के लिए नंबर 4 बल्लेबाज के तौर पर ऋषभ पंत का बैटिंग एवरेज 31.12 है. ऋषभ पंत ने नंबर 4 बल्लेबाज के तौर पर एक सेंचुरी (125*) और दो हाफ-सेंचुरी भी बनाई हैं. तिलक वर्मा की तरह ऋषभ पंत भी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, लेकिन पिछले तीन सालों में उन्होंने भारत के लिए सिर्फ एक वनडे मैच खेला है, जिससे उनका दावा कमजोर पड़ता है.
ऋतुराज गायकवाड़ का दावा कितना मजबूत?
दूसरी तरफ ऋतुराज गायकवाड़ ने अब तक टीम इंडिया के लिए छह ODI खेले हैं, लेकिन उन्हें पहले कभी नंबर 4 पर बैटिंग करने का मौका नहीं मिला. असल में, उन्होंने चार बार ओपनिंग की है और कुछ मौकों पर नंबर 3 पर बैटिंग की है. महाराष्ट्र के इस बल्लेबाज को 2025-26 रणजी सीजन के पहले हाफ में और इस महीने की शुरुआत में साउथ अफ्रीका A के खिलाफ इंडिया A के लिए तीन अनऑफिशियल ODI में उनके जबरदस्त फॉर्म की वजह से भारत की ODI टीम में शामिल किया गया है. टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल ने रांची में होने वाले पहले वनडे मैच से एक दिन पहले ऋतुराज गायकवाड़ को लेकर कहा था, ‘ऋतुराज गायकवाड़ एक शानदार खिलाड़ी हैं, उन्हें जो भी कम मौके मिले हैं, उन्होंने उनमें अच्छा प्रदर्शन किया है. इस सीरीज में उन्हें मौका देने का इंतजार रहेगा.’ बता दें कि केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है.