MP : उपचुनाव से पहले सरकारी नौकरियों का पिटारा खोलने की तैयारी, CM ने आला अफसरों की बैठक ली | bhopal – News in Hindi

MP : उपचुनाव से पहले सरकारी नौकरियों का पिटारा खोलने की तैयारी, CM ने आला अफसरों की बैठक ली | bhopal – News in Hindi


उप चुनाव से पहले सरकार का यह दांव भी मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है.

सीएम शिवराज सिंह (CM Shivraj) ने कहा कि गृह (Home), राजस्व ,जेल ,लोक निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों में खाली पड़े पद फौरन भरे जाएं.

भोपाल. उप चुनाव से पहले मध्यप्रदेश (MP) की शिवराज सरकार (Shivraj Government) ने सरकारी नौकरियों का पिटारा खोलने की तैयारी कर ली है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस सिलसिले में बुधवार को अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की. इसमें मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस भी शामिल हुए. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर भर्ती का निर्देश दिया.

सीएम ने कहा कि गृह, राजस्व ,जेल ,लोक निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों में खाली पड़े पद फौरन भरे जाएं.इस संबंध में प्रोफेशनल एग्जमेनेशन बोर्ड, लोक सेवा आयोग और विभागीय स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही भी तेजी से की जाए.सीएम ने कहा रिक्त पदों को भरने के संबंध में ज़रूरी नियम और प्रक्रिया के पालन का ध्यान रखते हुए प्रक्रिया पूरी की जाए.

किस विभाग में कितनी भर्ती ?
जिन पदों पर भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जानी है उनमें पुलिस आरक्षक के 3272 पद, किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के 863 पद, गृह विभाग में आरक्षक रेडियो संवर्ग के 493 पद, राजस्व निरीक्षक के 372 पद, कौशल संचालनालय में आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारी के 302 पद शामिल हैं. इसके अलावा शीघ्र लेखक, सहायक ग्रेड-3, स्टेनो टायपिस्ट, स्टेनोग्राफर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सांख्यिकी अधिकारी और भृत्य, चौकीदार, वॉर्ड बाय, क्लीनर, वॉटरमेन,कुक जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी.

एमपी के युवाओं को ही मौका
उप चुनाव से पहले सरकार का यह दांव भी मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है. इससे पहले शिवराज सरकार यह साफ कर चुकी है कि मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरियां केवल मध्य प्रदेश के युवाओं को ही दी जाएंगी. ऐसे में नौकरियों की प्रक्रिया शुरू करने के पीछे भी कहीं ना कहीं युवा वोटर ही नज़र में है. हालांकि कांग्रेस ने सवाल खड़े करते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश के युवाओं को ही नौकरी दिए जाने का नोटिफिकेशन सरकार ने अब तक जारी क्यों नहीं किया.





Source link