सरदारपुर में स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर नहीं मिला: हाट-बाजार के दिन ग्रामीण बिना इलाज कराए लौटे, अस्पताल में 3 डॉक्टर्स पदस्थ – Dhar News

सरदारपुर में स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर नहीं मिला:  हाट-बाजार के दिन ग्रामीण बिना इलाज कराए लौटे, अस्पताल में 3 डॉक्टर्स पदस्थ – Dhar News


धार जिले के सरदारपुर तहसील में रविवार को बरमंडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके कारण साप्ताहिक हाट-बाजार में इलाज के लिए आए ग्रामीणों को बिना इलाज के लौटना पड़ा।

.

बरमंडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शासन ने तीन डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, लेकिन रविवार को कोई भी डॉक्टर उपस्थित नहीं था। यह दिन बरमंडल का साप्ताहिक हाट-बाजार होता है, जब दूर-दराज से बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाज के लिए आते हैं।

मरीजों को नहीं मिला इलाज

अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने बताया कि एक डॉक्टर को सरदारपुर बुलाया गया था, जबकि एक अन्य डॉक्टर सुबह आए थे और फिर बाहर चले गए। स्टाफ ने कुछ मरीजों को प्राथमिक इलाज देकर राहत देने की कोशिश की।

सीबीएमओ डॉ. शीला मुजाल्दा ने जानकारी दी कि दो डॉक्टर शादी के अवकाश पर थे, और एक डॉक्टर को सरदारपुर ड्यूटी पर भेजा गया था।

जब उनसे पूछा गया कि एक साथ दो डॉक्टरों को अवकाश क्यों दिया गया और हाट-बाजार के व्यस्त दिन पर तीसरे डॉक्टर को सरदारपुर क्यों भेजा गया, तो डॉ. मुजाल्दा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाईं।

सरदारपुर तहसील में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। पूर्व में भी सिविल अस्पताल की लापरवाहियों के कई वीडियो सामने आए थे, लेकिन इसके बावजूद सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

ग्रामीणों ने इलाज व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें अक्सर बिना इलाज लौटना पड़ता है, जिससे गंभीर मरीजों के लिए समय पर उपचार मिलना मुश्किल हो जाता है। बरमंडल की यह घटना एक बार फिर तहसील की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को उजागर करती है।



Source link