निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह समय सीमा 4 दिसंबर थी, अब मतदाता 11 दिसंबर तक अपने फॉर्म जमा कर सकेंगे।
.
निर्वाचन आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची 16 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 15 जनवरी तक मतदाता किसी भी दावे या आपत्ति को दर्ज करा सकते हैं। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी 16 दिसंबर से 7 फरवरी के बीच इन दावों और आपत्तियों का निराकरण करेंगे। अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।
मऊगंज में डिजिटलाइजेशन की प्रगति
मऊगंज जिले में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में तेजी देखी जा रही है। 30 नवंबर तक कुल 4,23,434 गणना पत्रक डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का 88.26 प्रतिशत है। जिले में कुल 4,79,769 मतदाता पंजीकृत हैं।
मऊगंज में 88.81, देवतालाब में 87.75 प्रतिशत काम पूरा
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मऊगंज में 2,05,522 और देवतालाब में 2,17,912 गणना पत्रक डिजिटल रूप से दर्ज किए जा चुके हैं। मऊगंज में 88.81 प्रतिशत और देवतालाब में 87.75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
पुनरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बीएलओ के साथ ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता भी सहयोग कर रहे हैं। आयोग का कहना है कि समय सीमा बढ़ने से अधिक मतदाताओं की भागीदारी होगी और अंतिम सूची और अधिक सटीक तैयार की जा सकेगी।