नई दिल्ली. रांची में विराट कोहली के बैट से 83वां शतक बना. सचिन तेंदुलकर के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में विराट के नाम अब सबसे ज़्यादा 83 शतक हो गए हैं. कमाल की बात है कि मौजूदा दौर में विराट के नाम जितने शतक हैं उतने शतकों की सोच पाना भी दुनिया में किसी क्रिकेटर के लिए मुश्किल ही नज़र आता है. विराट ने मार्को यानसन की गेंद पर चौका लगाकर 102 गेंदों पर अपना 52वां वनडे शतक पूरा कर लिया. विराट ने अपनी इस शतकीय पारी को 7 चौके और 5 चौके लगाकर पूरा किया. पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर उनकी इस पारी में शुरुआत से ही उनके फ़ुटवर्क के कायल दिखे. गावस्कर ने मैच शुरू होने से पहले कहा, “विराट ने इस रांची में इस मैदान पर 2 शतक, 1 अर्द्धशतक और एक हाफ़ सेंचुरी के नज़दीक की पारी खेली है. वैसे उन्हें किसी मैदान के लिए किसी रिकॉर्ड की ज़रूरत नहीं है.” कॉमेन्ट्री बॉक्स में गावस्कर के साथ रवि शास्त्री और दीपदास गुप्ता जैसे धुरंधर भी विराट की इस पारी के मुरीद बनते दिखाई दिये.