IND vs SA ODI: रोहित शर्मा मैदान पर हों और मनोरंजन का तड़का ना लगे, ऐसा कैसे हो सकता है? साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला. स्लिप में फील्डिंग कर रहे हिटमैन ने स्पिनर कुलदीप यादव को एक ऐसी सलाह दी, जिसे सुनकर चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस थोड़े नाराज हो सकते हैं.
भारत के खिलाफ पहले वनडे में साउथ अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस एक समय खतरनाक लय में बैटिंग कर रहे थे. 28 गेंदों पर 37 रनों की तेज तर्रार पारी के दौरान ‘बेबी एबी’ ने 2 चौके और 3 छक्के लगाए. जब कुलदीप यादव गेंदबाजी कर रहे थे तब स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने उन्हें ब्रेविस को फंसाने का गुरुमंत्र दिया और साथ में थोड़ा दिमाग इस्तेमाल करने की सलाह भी दी.
रोहित ने उड़ाया ब्रेविस का मजाक!
रोहित शर्मा की ये मजेदार सलाह स्टंप माइक पर कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है. जब डेवाल्ड ब्रेविस टीम इंडिया के लिए सिरदर्दी बने हुए थे तब हिटमैन ने कुलदीप से उन्हें फंसाने का प्लान बताया.
रोहित ने कहा- सिंगल वाला गेम नहीं है इसका… सिर्फ यही है, या तो उड़ाएगा नहीं तो डिफेंस करेगा बस. दिमाग लगा अपना… दिमाग लगा.
रोहित शर्मा स्पिनर कुलदीप यादव को ये समझा रहे थे कि डेवाल्ड ब्रेविस सिर्फ दो तरह से बल्लेबाजी करते हैं. अटैक नहीं तो डिफेंस. उन्हें स्ट्राइक रोटेट यानी सिंगल-डबल लेने में दिक्कत होती है. भारत के खिलाफ रांची वनडे में ऐसा हुआ भी. ब्रेविस ने कुछ चौके-छक्के उड़ाए, लेकिन 37 रन बनाकर हर्षित राणा की गेंद पर कैच आउट हो गए.
IPL 2026 में CSK के लिए खेलेंगे ब्रेविस
आईपीएल 2025 में डेवाल्ड ब्रेविस बतौर रिप्लेसमेंट चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए थे. अगले सीजन से पहले CSK ने आक्रामक बल्लेबाज को रिटेन करने का फैसला किया है. उन्हें 2025 में 2.2 करोड़ रुपये में सीएसके ने खरीदा था. ब्रेविस ने अभी तक आईपीएल में 16 मैच खेले हैं और 153.20 की स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए हैं.