मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। सरकार को जगाने के लिए पूतना बनी विधायक
कांग्रेस विधायक सेना पटेल राक्षस का रूप धरकर विधानसभा आ गई। आलीराजपुर के जोबट से विधायक सेना पटेल पूतना बनी। गले में सिरप की शीशियों की माला लटका ली और कहने लगी- ‘मैं पूतना हूं, मैं भाजपा की सरकार हूं, मैं बच्चों को मारने आई हूं। मैं चूहे बनकर बच्चों का काटने आई हूं’। दरअसल, ये छिंदवाड़ा में जहरीले सिरप से हुई बच्चों की मौतों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन था। कांग्रेस के इस पॉलिटिकल ड्रामा के डायरेक्टर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार रहे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पूतना से संवाद किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस प्रदर्शन का मकसद सरकार को जगाना है। आरोप लगाया कि सरकार किसी की नहीं सुन रही है। न बेरोजगारों की सुन रही, न किसानों की सुन रही। इसलिए यह प्रदर्शन करना पड़ा। इधर, सरकार ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की इस फिल्म को फ्लॉप करार दिया। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि इस मामले मे सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। जरूरी कार्रवाई भी की जा चुकी है। अब इस मामले को उठाना बेवजह है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने तो यहां तक कह दिया कि कांग्रेस के पास कुछ काम ही नहीं है। इसलिए ये सब करना पड़ रहा है। फिर सुर्खियों में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी की बात
पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी की बात एक बार फिर सुर्खियों में आ गई। शिवपुरी में लगाए दरबार का उनका एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वे एक शख्स से बात करते नजर आ रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री उससे कहते हैं- लुगाई चाहिए। जिस पर शख्स शरमाता है, फिर सिर हिलाकर हामी भरता है। इस पर धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं कि शादी तो हमारी भी नहीं हुई भैया, तुम्हें कहां से दे दे। इससे पहले भी सीएम डॉ. मोहन यादव के बेटे की शादी के दौरान उज्जैन में भी पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी की बात निकली थी। दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री सीएम डॉ. मोहन यादव की इस बात के लिए तारीफ कर रहे थे कि उन्होंने सीएम होते हुए भी अपने बेटे की शादी सामूहिक विवाद में कराई। इस पर मंच पर बैठ योग गुरू बाबा रामदेव उठे, उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के हाथ से माइक लिया और कहा कि आपकी शादी भी सामूहिक विवाद में ही कराएंगे। बाबा रामदेव की इस बात पर जमकर ठहाके गूंजे। भाजपा विधायकभार्गव बोले- जो सरकार में हैं उनसे पूछो
भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का अजीब बयान सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, विधानसभा पहुंचे गोपाल भार्गव आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के ब्राह्मण की बेटी पर दिए बयान पर बोल रहे थे। उन्होंने संतोष वर्मा के बयान को गलत बताया और उसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था। लेकिन जब मीडिया ने उनसे कार्रवाई को लेकर सवाल किया तो इस पर गोपाल भार्गव ने कहा- अभी जो लोग सरकार में हैं, उनसे पूछो। गोपाल भार्गव भाजपा के सीनियर नेता हैं। 9 बार के विधायक हैं। हालांकि इस बार मंत्री नहीं बन पाए। अब लोग कह रहे हैं कि ये उसी की खींझ तो नहीं? आखिर क्यों गोपाल भार्गव खुद को सरकार का हिस्सा नहीं मान रहे हैं। जनता ने पूछे सवाल, सांसद ने पुलिस को आगे कर दिया
छिंदवाड़ा से भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू से जब ग्रामीणों ने शराब की अवैध बिक्री की शिकायत की तो उन्होंने मंच से ही पुलिस की क्लास ले ली। इसे यूं भी कह सकते हैं कि पुलिस को आगे कर दिया। उन्होंने मंच से ही कार्यक्रम में मौजूद उमरानाला चौकी के प्रभारी को आगे बुलाया और कहा कि ग्रामीण शिकायत कर रहे हैं। आप कार्रवाई क्यों नहीं करते। जब पुलिसकर्मी ने कहा कि कार्रवाई करते हैं तो उन्होंने जनता से पूछा कि क्या पुलिस कार्रवाई करती है। इस पर जनता ने इनकार कर दिया। इस पर सांसद ने जनता को लेकर कहा कि ये हमारे माई-बाप हैं। ये झूठ नहीं बोलेंगे। फिर उन्होंने पुलिस से कहा कि आप शराब की अवैध बिक्री पर कार्रवाई कीजिए। अब लोग कह रहे हैं कि अवैध शराब बिक्री कोई आज से नहीं हो रही है। सांसद भाजपा के हैं, सरकार भाजपा की है। ऐसे में पहले कार्रवाई क्यों नहीं कराई गई। अव्वल तो ऐसी शिकायत आना ही नहीं चाहिए थी। बात खरी है सीरीज की ये कड़ी भी पढ़ें… धीरेंद्र शास्त्री को याद आई ‘औकात’, मंच पर हुए भावुक: भाजपा विधायक बोले- सिंधिया बहुत तेज चलते हैं अशोकनगर के चंदेरी से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की तुलना वंदे भारत ट्रेन से की है। उन्होंने कहा कि सिंधिया बहुत फास्ट चलते हैं। बिल्कुल ऐसे जैसे वंदे भारत छूट गई हो। नौजवान तक महाराज के साथ नहीं चल पाते। बहुत तेजी से चलते हैं। विधायक की इस बात जमकर ठहाके गूंजे। पूरी खबर पढ़ें..
Source link