टीकमगढ़ जिले में यूरिया खाद की कमी से जूझ रहे किसानों की समस्या जल्द दूर होगी। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि अगले सात दिनों तक जिले में लगातार यूरिया खाद का वितरण किया जाएगा, जिससे पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा।
.
कलेक्टर के अनुसार, पलेरा में नगद खाद वितरण के लिए 3 और 4 दिसंबर को समिति के माध्यम से टोकन बांटे जाएंगे। इसके बाद, 5 दिसंबर से नकद खाद का वितरण शुरू हो जाएगा। पलेरा के लिए यूरिया उर्वरक छतरपुर और सागर से आ रहा है।
टीकमगढ़, बड़ागांव, खरगापुर, बल्देवगढ़ और जतारा में मंगलवार से ही यूरिया का वितरण जारी है। इन सभी केंद्रों के लिए सागर से अतिरिक्त यूरिया आ रहा है, जिससे वर्तमान वितरण के अतिरिक्त टोकन जारी कर शीघ्र ही खाद उपलब्ध कराया जाएगा।
खाद के लिए सुबह से केंद्र पहुंचे किसान।
जिले के लिए यूरिया की एक और रैक विशाखापट्टनम से भी आ रही है। यदि कोई किसान खाद से वंचित रह जाता है, तो वह अपनी सोसाइटियों में जानकारी दर्ज करा सकता है। उसे फोन पर सूचित कर यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।
इस वर्ष बुआई एक साथ होने के कारण सभी किसानों को एक साथ यूरिया की आवश्यकता पड़ी है। हालांकि, अगले सात दिनों में लगातार यूरिया की रैक आने से हर किसान को पर्याप्त खाद उपलब्ध हो सकेगा।गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों से किसान यूरिया खाद को लेकर परेशान थे। बीते दिनों जतारा में किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने जाम लगाया था, और बल्देवगढ़ में भी किसानों ने प्रदर्शन किया था।