मंडियों के सर्वर डाउन, नीलामी में देरी
नरसिंहपुर जिले की कृषि उपज मंडियों में मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण किसान और व्यापारी घंटों परेशान रहे। मंडी पोर्टल और ई-मंडी सर्वर बार-बार डाउन होने से नीलामी प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली नीलामी सर्वर समस्या के कारण
.
पोर्टल डाउन रहने से बोली प्रक्रिया देर से शुरू हुई, जिससे किसानों को अपनी उपज की बारी आने तक लंबा इंतजार करना पड़ा। व्यापारियों ने बताया कि सर्वर की बार-बार खराबी के कारण वे न तो ऑनलाइन बिलिंग कर पा रहे थे और न ही खरीद प्रक्रिया पूरी हो रही थी। इससे खरीदी और भुगतान में भी देरी हुई।
किसानों ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब हजारों किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचते हैं, तब तकनीकी खामी के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता है। किसानों ने मंडी प्रशासन से सिस्टम में सुधार और एक सक्रिय तकनीकी टीम रखने की मांग की।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि पोर्टल की लगातार खराबी से खरीद और भुगतान व्यवस्था प्रभावित होती है, जिसका असर आगे चलकर परिवहन और भंडारण व्यवस्था पर भी पड़ता है। किसानों और व्यापारियों दोनों ने विभाग से तत्काल तकनीकी समस्या का समाधान करने और व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने की अपील की।
इस संबंध में मंडी सचिव ए.के. मुद्गल ने बताया कि कुछ समय के लिए सर्वर ऊपर से ही डाउन हो गए थे। उन्होंने भोपाल संपर्क किया, जिसके बाद सर्वर पुनः सक्रिय हुए और नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।