झाबुआ जिले के मेघनगर तहसील की ग्राम पंचायत बेड़ावली के निवासियों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में नगर परिषद मेघनगर को ग्राम पंचायत की भूमि आवंटित करने का विरोध किया। ग्रामीणों ने इस आवंटन को रद्द करने की मांग की है।
.
यह विरोध सर्वे नंबर 624, रकबा 0.6100 हेक्टेयर की शासकीय भूमि को लेकर है। इस भूमि को नगर परिषद मेघनगर को नवीन गीता भवन के निर्माण के लिए आवंटित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि ग्राम पंचायत बेड़ावली ने इस भूमि पर पूर्व में ही बेरोजगार ग्रामीणों के लिए दुकानें (शॉपिंग कॉम्प्लेक्स) बनाने का प्रस्ताव पारित कर रखा है।
ग्राम पंचायत ने 27 जनवरी 2024 को अपने प्रस्ताव क्रमांक 07 के माध्यम से शासकीय भूमि सर्वे नंबर 624 पर पंचायत की ओर से शासकीय दुकानें बनवाने का ठहराव पारित किया था। ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि पंचायत के बेरोजगार युवाओं और अन्य ग्रामीणों के रोजगार तथा आजीविका के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका मानना है कि मेघनगर नगर परिषद द्वारा इस भूमि को लेने से युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे।
ग्रामीणों ने इस संबंध में अपनी आपत्ति पहले भी दर्ज कराई थी। इसके लिए 11 सितंबर 2025 और 16 सितंबर 2025 को दो अलग-अलग आवेदन दिए गए थे।
आज जनसुनवाई में अपनी बात रखते हुए पप्पू भाभोर ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र सुनवाई नहीं की और भूमि आवंटन को रद्द नहीं किया, तो अगली बार पूरा ग्राम बेड़ावली विरोध दर्ज कराने के लिए पहुंचेगा।