MP विधानसभा में हंगामा! किसानों के मुआवजे से लेकर मंत्री-विधायक टकराव तक, पूरे सत्र में छाया विवाद

MP विधानसभा में हंगामा! किसानों के मुआवजे से लेकर मंत्री-विधायक टकराव तक, पूरे सत्र में छाया विवाद


Last Updated:

MP Assembly Winter Session: मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल में ही विवादों से हुई. कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने ग्वालियर में किसानों के नुकसान पर गलत जवाब दिए जाने का आरोप लगाया, जिस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आपत्ति जताई.

MP विधानसभा में हंगामा! किसानों के मुआवजे से लेकर मंत्री-विधायक टकराव तक

MP Assembly Winter Session: मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही आज प्रश्नकाल से शुरू हुई. शुरुआत में ही कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने ग्वालियर जिले में हुई अति वृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, लेकिन सरकार की ओर से सिर्फ तीन किसानों के नुकसान को मानकर मात्र 15,000 रुपए का मुआवजा दिया गया. विधायक का आरोप था कि उनके द्वारा पूछे गए सवालों का सही जवाब नहीं दिया जा रहा है और उनके प्रश्नों के स्थान पर गलत उत्तर भेजे जा रहे हैं.

इस पर संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि विधायकों द्वारा यह कहना कि उनके प्रश्न बदले जा रहे हैं, “आसंदी पर सीधा आरोप” है, जो बेहद आपत्तिजनक है. उन्होंने कहा कि यदि विधायक अपने विधायी अधिकारों का सही उपयोग नहीं कर रहे, तो पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है और ऐसी परंपरा गलत है. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सुझाव दिया कि यदि इस विषय पर गहराई से चर्चा करनी है तो इसके लिए अलग से 10 मिनट का समय निर्धारित किया जाए ताकि प्रश्नकाल प्रभावित न हो.

विधानसभा अध्यक्ष ने भी स्पष्ट किया कि राहत राशि देने के लिए सरकार के निर्धारित मापदंड बने हुए हैं. यदि कोई किसान उन मापदंडों में नहीं आता, तो उसे राहत राशि नहीं मिल सकती. अध्यक्ष ने कहा कि सभी राहत कार्य उसी प्रक्रिया के अनुसार किए जाते हैं.

भोपाल में राजनीतिक तकरार
इधर, राजधानी भोपाल में एक और राजनीतिक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. मंत्री गोविंद सिंह के बयान पर उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह “नेतागिरी छोड़कर क्या चुनाव आयोग के अधिकारी बन गए हैं?” जो इस तरह यह तय करने जैसे बयान दे रहे हैं कि किसका नाम सूची में जुड़ना चाहिए और किसका नहीं. हेमंत कटारे का आरोप है कि “भाजपा के लोग आयोग को प्रभावित कर रहे हैं.” उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि यदि किसी पर कार्रवाई बनती है तो वह तुरंत की जानी चाहिए.

कांग्रेस का विधानसभा के बाहर प्रदर्शन
विधानसभा भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर रहे थे. वे किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे. प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि सरकार इन दोनों वर्गों की समस्याओं को अनदेखा कर रही है और उनके मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा. कुल मिलाकर, विधानसभा का सत्र आज आरोप-प्रत्यारोप और सवाल-जवाब के बीच काफी घटनाक्रम और राजनीतिक बहसों से भरा रहा.

About the Author

Anuj Singh

Anuj Singh serves as a Content Writer for News18MPCG (Digital), bringing over Two and Half Years of expertise in digital journalism. His writing focuses on hyperlocal issues, Political, crime, Astrology. He has…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

MP विधानसभा में हंगामा! किसानों के मुआवजे से लेकर मंत्री-विधायक टकराव तक



Source link