Virat Kohli Record: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की मौजूदा वनडे सीरीज के दौरान बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. इस वनडे सीरीज में विराट कोहली ने बैक-टू-बैक दो शतक जड़कर तूफान मचा दिया है. किंग कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे मैच में शानदार शतक ठोका और 135 रन बनाए. रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में भी विराट कोहली ने बेहतरीन शतक जड़ते हुए 102 रनों की पारी खेली.
शतकों की हैट्रिक पूरी करेंगे विराट
विराट कोहली जिस फॉर्म में चल रहे हैं, ऐसे में वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में भी शतक जड़ सकते हैं. विराट कोहली अगर विशाखापत्तनम में भी शतक जड़ते हैं तो वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरी बार शतकों की हैट्रिक पूरी कर लेंगे. विराट कोहली ने साल 2018 में लगातार 3 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 3 शतक लगाए थे. विराट कोहली ने साल 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के दौरान 140, नाबाद 157 और 107 रन की पारियां खेली थी.
विशाखापत्तनम में ऐसा है किंग कोहली का रिकॉर्ड
विशाखापत्तनम का मैदान विराट कोहली के लिए लकी रहा है. विराट कोहली यहां 7 मैचों में 3 शतक लगा चुके हैं. विराट कोहली ने 2011 से 2023 के बीच यहां 7 वनडे मैचों में 3 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 587 रन बनाए हैं. विशाखापत्तनम के मैदान पर विराट कोहली का औसत 97.83 का रहा है. इस मैदान पर सबसे ज्यादा 3 शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम ही है. ये आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में विराट कोहली एक बार फिर विपक्षी टीम पर भारी पड़ सकते हैं और फैंस को अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से फिर से रोमांचित कर सकते हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली के रिकॉर्ड्स
विराट कोहली ने साल 2008 में श्रीलंका के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. दुनिया के महान बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल विराट कोहली अपने 17 साल लंबे करियर में अभी तक कई बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए हैं. विराट कोहली ने इस दौरान 30 शतक और 31 अर्धशतक भी लगाए हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली ने अभी तक 307 मैचों में 58.2 की औसत से 14492 रन बनाए हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में 84 शतक ठोके
विराट कोहली ने वनडे में 53 शतक और 75 अर्धशतक जमाए हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली ने 1 शतक और 38 अर्धशतकों की मदद से 4188 रन बनाए हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था. टेस्ट क्रिकेट से भी विराट कोहली संन्यास ले चुके हैं. विराट कोहली अब भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही क्रिकेट खेल रहे हैं. विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में 84 शतक ठोक चुके हैं.