सीहोर जिले की श्यामपुर तहसील के ग्राम भेरूपुरा में शुक्रवार सुबह एक खेत पर तेंदुआ देखा गया। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। इससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह किसान अपने खेतों पर काम कर रहे थे, तभी उन्होंने तेंदुए को घूमते हुए देखा। इस क्षेत्र में पहली बार तेंदुआ देखे जाने की बात कही जा रही है। किसानों ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो भी बनाया।
इस क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार जारी है। भेरूपुरा से पहले कोलूखेड़ी गांव और फिर जैतला गांव में भी तेंदुआ देखा गया था। जैतला गांव में गुरुवार शाम करीब 6 बजे स्कूल के पास तेंदुआ नजर आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
डिप्टी रेंजर एचपी डागर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही के बावजूद वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।