.
पीजी कॉलेज में खेल सुविधाओं की बदहाली और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने एनएसयूआई छात्र संगठन के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया। आंदोलन करीब तीन घंटे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और युवा शामिल रहे। पूरे कॉलेज परिसर में प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। कॉलेज प्रशासन ने 15 दिन में काम करने का लिखित आश्वासन दिया।
खिलाड़ियों और छात्र संगठन ने बताया अपनी समस्याओं को लेकर 11 महीने पहले, फिर 6 महीने पहले तथा 10 दिन पूर्व भी कॉलेज प्रशासन को लिखित आवेदन दिया। उनके खेल आयोजन और चयन प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इसके बाद भी आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खिलाड़ी सुरेश ने कहा जब उनके खेल शुरू होने वाले हैं। तब तक मैदान और संसाधन तैयार नहीं हैं तो वे अभ्यास कैसे करेंगे और बेहतर प्रदर्शन कैसे कर पाएंगे। खिलाड़ियों ने बताया कई छात्रों का चयन राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हो चुका है लेकिन कॉलेज में ग्राउंड की हालत बेहद खराब है। बारिश के मौसम में मैदान में पानी भर जाता है। गर्मियों में धूल उड़ती रहती है। 400 मीटर रनिंग ट्रैक की न तो सही मार्किंग है और न ही ट्रैक के भीतर नाली की व्यवस्था है। इससे खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। तीन घंटे तक चले आंदोलन के दबाव के बाद कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा। छात्र संगठन व खिलाड़ियों से चर्चा की। लंबी बातचीत के बाद कॉलेज प्रशासन ने 15 दिनों के अंदर सभी मांगें पूरी करने का लिखित आश्वासन छात्र संगठन को सौंपा।
मुख्यालय पर नहीं है खेल मैदान, कॉलेज मैदान पर होती है गतिविधियां जिला मुख्यालय पर विद्यार्थियों के अभ्यास के लिए खेल मैदान का अभाव है। जिससे सभी खेल गतिविधियां कॉलेज मैदान पर ही होती है। ऐसे में मैदान पूरी तरह से जर्जर व धूल से भरा हुआ है। विद्यार्थियों के विरोध के बाद प्रशासन ने कहा ग्राउंड का सुधार किया जाएगा। रनिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। पानी निकासी के लिए नाली निर्माण होगा। पाइपलाइन व्यवस्था और खेल कीट से संबंधित कामों पर कार्रवाई की जाएगी।