नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सीईओ वेंकी मैसूर ने फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक आंद्रे रसेल को आगामी आईपीएल मिनी-नीलामी से पहले रिलीज करने के फैसले पर खुलकर बात की है. ESPNcricinfo से बातचीत में मैसूर ने बताया कि यह फैसला मुख्य रूप से रिटेंशन स्लैब्स की फाइनेंशियल स्ट्रक्चर और रसेल को रिटेन करने से टीम के नीलामी पर्स पर पड़ने वाले भारी असर के कारण लिया गया.
मैसूर ने कहा कि रसेल का कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू भले ही 12 करोड़ रुपये था, लेकिन 2025 सीजन के लिए उन्हें रिटेन करने पर KKR के नीलामी पर्स से 18 करोड़ रुपये कट जाते. उन्होंने कहा, “कुछ लोग इस मूल बात को समझ नहीं पाए कि हमारे लिए कटौती 18 करोड़ थी, 12 करोड़ नहीं. भले ही उनका कॉन्ट्रैक्ट 12 करोड़ का था, लेकिन 2025 में हमारे पर्स से 18 करोड़ कटते. बहुत से लोगों ने यह मिस कर दिया और कहा कि KKR 12 करोड़ के खिलाड़ी को क्यों नहीं देखेगा? 18 करोड़, जो हमारे पर्स से कटते अगर हमने उन्हें रिटेन किया होता, नीलामी के संदर्भ में बहुत बड़ी रकम है. यही वजह थी.”
आंद्रे रसेल को क्यों नहीं आई थी नींद
मैसूर ने बताया कि रसेल को जब यह जानकारी दी गई तो वह भावुक हो गए. 2014 से KKR के साथ जुड़े रसेल कभी नीलामी पूल में नहीं गए थे, ऐसे में यह खबर उन्हें हिला गई. “उन्होंने कहा, ‘वह 2014 के बाद कभी नीलामी में नहीं गए.’… कुछ दिन बाद उन्हें इसका असर महसूस हुआ. वह मेरे पास आए और बोले, ‘मैंने कई रातें बिना सोए गुजारीं, सोचता रहा कि अब क्या होगा. मैं पर्पल-गोल्ड, नाइट राइडर्स और फ्रेंचाइजी के साथ अपने रिश्तों का आदी हो गया हूं.’”
सीईओ ने यह भी बताया कि बातचीत के दौरान रसेल के आईपीएल से रिटायरमेंट का मुद्दा भी उठा. मैसूर ने कहा कि यह विचार तब और मजबूत हुआ जब उन्होंने KKR के को-ओनर शाहरुख खान से बात की. मैसूर के मुताबिक, शाहरुख खान ने सुझाव दिया कि KKR सेटअप में कोचिंग रोल उनके लिए बेहतर रहेगा, “कहीं न कहीं यह चर्चा (आईपीएल से रिटायरमेंट) विकल्प के तौर पर आई और उन्होंने इस पर गंभीरता से सोचा. कई वजहों से उन्हें यह ठीक लगा और बोले, हां, क्यों नहीं ऐसा कर लेते हैं.”
“मैं देख सकता था कि वह इस फैसले को लेकर परेशान हैं, और जब मैंने यह बात SRK से साझा की, तो असल में SRK ने ही रसेल को कोचिंग रोल देने का सुझाव दिया. क्योंकि देखिए, खिलाड़ी के मन में कहीं न कहीं यह चलता है कि जब मैं खेलना छोड़ दूंगा तो क्या करूंगा? लेकिन वे इस बारे में ज्यादा सोचना नहीं चाहते, क्योंकि प्रोफेशनल एथलीट ऐसे ही होते हैं. उन्हें लगता है कि वे अभी भी अच्छे हैं, और ड्री (रसेल) अभी भी शानदार हैं और दूसरी लीग्स में खेल रहे हैं.”
रसेल को KKR का पावर कोच नियुक्त किया गया है.