Last Updated:
Home Making Tips: सिविल इंजीनियर के मुताबिक, ये ब्लॉक हल्के होते हैं और इससे निर्माण जल्दी होता है, जिससे मजदूरी व सामग्री दोनों में बचत होती है. साथ ही यह गर्मी व ठंड को नियंत्रित करते हैं, जिससे बिजली खर्च कम पड़ता है.
AAC Block Use: घर बनाना हर किसी के जीवन का सबसे बड़ा सपना होता है. लेकिन, बढ़ती महंगाई ने इस सपने को मुश्किल बना दिया है. सीमेंट, रेत, सरिया और ईंटों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे घर निर्माण का खर्च पहले से ज्यादा बढ़ गया है. ऐसे समय में अब एक नई तकनीक लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है. सीधी के सिविल इंजीनियर देवदत्त शुक्ला के मुताबिक, अब घर बनाने में AAC ब्लॉक (ऑटोक्लेव्ड एरेटेड कंक्रीट) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. कीमत में यह लगभग ईंट जैसा ही पड़ता है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत इससे निर्माण जल्दी होता है. मजदूर खर्च कम लगता है. कम समय और कम खर्च में घर तैयार हो जाता है.
इस बात का ध्यान रखना जरूरी
सिविल इंजीनियर शुक्ला बताते हैं कि AAC ब्लॉक हल्के होते हैं, इसलिए इससे बनी दीवारों पर नींव और RCC स्ट्रक्चर पर कम भार पड़ता है. इससे सरिया और कंक्रीट की भी बचत होती है. साथ ही यह गर्मी को घर के अंदर आने से रोकते हैं, जिससे गर्मियों में घर ठंडा और सर्दियों में गर्म रहता है. इसका सीधा फायदा बिजली और AC बिल में बचत के रूप में मिलता है. हालांकि इसके कुछ ध्यान देने योग्य बातें भी हैं. एक बार ब्लॉक लगाने के बाद दीवार में पाइप डालना या कील ठोकना मुश्किल होता है, इसलिए प्लानिंग पहले से करनी पड़ती है.
अनुभवी लोगों से कराएं काम
साथ ही इस पर काम करने के लिए अनुभवी ठेकेदार और एडहेसिव मोर्टार जैसी खास तकनीक की जरूरत होती है. इंजीनियर ने सलाह दी कि प्लिंथ लेवल तक लाल ईंटों का इस्तेमाल बेहतर होता है, ताकि जमीन के दबाव और नमी से क्रैक न आएं. सिविल इंजीनियर शुक्ला ने कहा, भले ही AAC ब्लॉक महंगे लगें, लेकिन कुल खर्च, समय, मजदूरी और ऊर्जा बचत को देखा जाए तो यह आने वाले समय में घर निर्माण का सबसे लोकप्रिय विकल्प बन सकता है. आने वाले सालों में यह ईंटों की जगह ले सकता है और लोगों का मकान बनाने का सपना सस्ता हो सकता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें