Steve Smith-Jofra Archer Fight: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज चल रही हो और मैदान पर गर्मागर्मी ना देखने को मिले, ऐसा कैसे हो सकता है? ब्रिस्बेन में खेले गए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. 150 KMPH की रफ्तार से गेंद डालकर इंग्लिश तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ऑस्ट्रेलियाई स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को आंख दिखा रहे थे. तेज बाउंसर फेंककर उन्होंने स्मिथ से कुछ कहा. कंगारू खिलाड़ी भी कहां पीछे हटने वाले थे, स्मिथ ने अगली दो गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेजकर आर्चर की बोलती बंद कर दी.
स्टीव स्मिथ और जोफ्रा आर्चर के बीच ये जुबानी जंग तब हुई जब ऑस्ट्रेलियाई टीम ब्रिस्बेन टेस्ट जीतने के बेहद करीब थी. सामने इंग्लैंड की हार देखकर तेज गेंदबाज बौखला गए और उन्होंने दनादन बाउंसर फेंककर स्मिथ को उकसाने की कोशिश की. ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान ये हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ.
स्मिथ-आर्चर के बीच जुबानी जंग
दूसरी पारी के 8वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा. मार्नस लाबुशेन 3 रण बनाकर गस एटकिंसन का शिकार बने. इसके बाद नंबर-4 पर स्टैंड-इन कप्तान स्टीव स्मिथ बल्लेबाजी करने उतरे. अगले ओवर में जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी करने आए और पहली गेंद पर ही स्मिथ ने चौका जड़ दिया. आर्चर गरमा गए और उन्होंने 149.5 KMPH की रफ्तार से शॉट बॉल डालकर स्मिथ को आंख दिखाई. आर्चर बल्लेबाज के पास पहुंचे और स्लेजिंग की. स्मिथ ने भी कह दिया कि इस गेंद पर मुझे थर्ड मैन की तरफ चौका मारना चाहिए थे.
फिर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
अब आग भड़क चुकी थी. स्टीव स्मिथ और जोफ्रा आर्चर बदले की आग में अंदर से जल रहे थे. आर्चर ने अगली गेंद 149.4 KMPH की स्पीड से डाली. स्मिथ इसपर चकमा तो खाए और गेंद कीपर के ऊपर से बाउंड्री के बाहर चली गई. भले ही चौका मिला, लेकिन यहां जीत आर्चर को मिली थी. अब स्टीव स्मिथ गुस्से में लाल हो गए, आर्चर ने अगली गेंद एक बार फिर रॉकेट की रफ्तार से फेंकी. 150.5 KMPH की स्पीड से डाली गई बाउंसर पर स्मिथ ने जोरदार अटैक किया और छक्का लगाया. अब आंख दिखाने की बारी उनकी थी. वो आर्चर के पास गए और उंगली दिखाकर कुछ कहा. दोनों के बीच जबरदस्त बहस हुई और स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस का पैसा वसूल मनोरंजन हुआ.
— cricket.com.au (@cricketcomau) December 7, 2025
Ashes Series: ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीता ब्रिस्बेन टेस्ट
ब्रिस्बेन में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हराकर 5 मैचों की एशेज सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. इंग्लैंड ने कंगारुओं के सामने महज 65 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया. मैच में 8 विकेट और पहली पारी में बल्ले से 77 रन बनाने वाले स्टार खिलाड़ी मिचेल स्टार्क को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इससे पहले पर्थ में खेले गए टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से रौंदा था. एशेज सीरीज 2025-26 का तीसरा मैच 17 दिसंबर से एडिलेड ओवल मैदान पर खेला जाएगा.