शीतलहर के मद्देनजर हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने रविवार देर रात रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ठंड से ठिठुरते लोगों को कंबल वितरित किए।
.
कलेक्टर जैन ने रैन बसेरा प्रबंधक को निर्देश दिए कि रात में रेल या बस से आने वाले यात्रियों को यदि रुकने की आवश्यकता हो, तो उन्हें रैन बसेरा में ठहरने की व्यवस्था की जाए। साथ ही, उन्हें बिस्तर और रजाई भी उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से भी बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें रैन बसेरा में निशुल्क ठहरने की सलाह दी।
कलेक्टर ने रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर और आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर को भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई नागरिक रात में स्टेशन पर रुकता है, तो उसे रैन बसेरा में जाकर ठहरने की सलाह दी जाए।
इस दौरान अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, सीएमओ कमलेश पाटीदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख चौराहों पर रैन बसेरा की जानकारी और संबंधित कर्मचारी का मोबाइल नंबर अंकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरे में गर्म पानी के लिए बड़े गीजर लगाने के लिए भी कहा।
देखिए तस्वीरें…




