IND vs SA T20: टेस्ट और एकदिवसीय सीरीज के बाद अब भारत और साउथ अफ्रीका के बीच फटाफट क्रिकेट की शुरुआत होने वाली है. दोनों देशों के बीच 5 मैचों की T20I शृंखला का आगाज मंगलवार, 9 दिसंबर से होगा. भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहला टी20 मैच कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे समय बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने के लिए बेताब हैं. हार्दिक एशिया कप 2025 के दौरान चोटिल हो गए थे और उसके बाद टीम से बाहर हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करते ही हार्दिक पांड्या की नजर इतिहास रचने पर होगी. उनके निशाने पर एक नहीं बल्कि दो बड़े रिकॉर्ड्स हैं, जिसे वो जल्द से जल्द हासिल करना चाहेंगे. दिलचस्प बात ये है कि वो इस स्पेशल मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बनेंगे.
हार्दिक पांड्या ने निशाने पर डबल रिकॉर्ड
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के अहम कड़ी तो साबित होंगे ही, इसके अलावा स्टार ऑलराउंडर की नजर बड़े रिकॉर्ड पर भी रहेगी. हार्दिक T20I में 2000 रन पूरा करने से सिर्फ 140 रन दूर हैं. उन्होंने अब तक भारत के लिए 120 टी20 मुकाबले खेले हैं और 141.01 की स्ट्राइक रेट से 1860 रन बनाए हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में उनके पास दो हजार रन बनाने का सुनहरा मौका होगा.
100 विकेट से दो कदम दूर हार्दिक
इसके अलावा हार्दिक पांड्या दो और विकेट लेते ही इतिहास रच देंगे. स्टार ऑलराउंडर ने अब तक T20I में 98 विकेट चटकाए हैं. अगर आगामी सीरीज में हार्दिक 140 रन और दो विकेट ले लेते हैं तो वो ये ‘डबल कमाल’ करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे.
शाकिब और नबी कर चुके हैं ये कारनामा
बता दें कि बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद नबी टी20 इंटरनेशनल में ये अद्भुत कारनामा कर चुके हैं. दोनों के नाम T20I में 2000+ रन और 100 से अधिक विकेट है. हार्दिक पांड्या इस स्पेशल क्लब में एंट्री लेने वाले तीसरे खिलाड़ी बनने के बेहद करीब हैं.
ये भी पढ़ें: स्मृति मंधाना पर जान लुटाती हैं ये दोस्त, मुश्किल समय में साये की तरह थीं साथ… अब इस कदम से जीता दिल