Ashes Australia vs England: एशेज सीरीज के बीच ऑस्ट्रेलिया की टीम को बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त लेने के बाद खतरनाक तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के चोट के कारण बाकी 3 मैचों से भी बाहर होने की खबर आई है. इस तरह वह इंग्लिश टीम के खिलाफ इस सीरीज में एक भी मैच नहीं खेल पाएंगे. दूसरी ओर, कप्तान पैट कमिंस की वापसी एडिलेड टेस्ट में तय है. वह स्टीव स्मिथ से कमान वापस ले लेंगे.
हेजलवुड को फिर से लगी चोट
हेजलवुड को ऑस्ट्रेलिया के घरेलू शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में खेलते हुए हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी और इसके बाद वह पहले दो टेस्ट नहीं खेल पाए थे. उन्हें अपनी रिकवरी जारी रखने के लिए ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ जुड़ना था, लेकिन बदकिस्मती से रिहैबिलिटेशन के दौरान उन्हें एच्लीस में दर्द हो गया. इस कारण से वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने मीडिया को हेजलवुड की चोट के बारे में बताया. उनका ध्यान अब भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पूरी तरह फिट होने पर है.
ये भी पढ़ें: 10 मैच, होमग्राउंड और आखिरी पंच… क्या टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को डिफेंड कर पाएंगे? गंभीर-सूर्या की अग्निपरीक्षा
टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में लगेंगे हेजलवुड
क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक मैकडोनाल्ड ने कहा, “बदकिस्मती से हेजलवुड एशेज का हिस्सा नहीं होंगे. सच में उनके लिए यह बहुत ही खराब रहा. कुछ झटके लगे जिनका हमने अंदाजा नहीं लगाया था और हमें लगा कि वह सीरीज में बहुत बड़ी भूमिका निभाएंगे. यह पूरी तरह से अलग चोट है. यह पिंडली के निचले हिस्से से लेकर अकिलीज एरिया में कहीं है. उनकी तैयारी फिर टी20 वर्ल्ड कप की तरफ होगी, जो हमारे लिए बहुत जरूरी कैंपेन है.”
ये भी पढ़ें: 4, 3, 4… कातिलाना बॉलर ने गेंद से उगली आग, 3 मैच से अजीत अगरकर को दे दिया करारा जवाब
एडिलेड में वापसी के लिए तैयार कमिंस
ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ी राहत की बात यह है कि कप्तान पैट कमिंस 17-21 दिसंबर तक एडिलेड में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट के लिए वापसी करेंगे. मैकडॉनल्ड ने बताया कि कमिंस ने एलन बॉर्डर फील्ड में मैच सिमुलेशन किया और कन्फर्म किया कि वह तीसरे टेस्ट के लिए तैयार हैं. मैकडोनाल्ड ने आगे कहा, “पैट को एडिलेड से पहले कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिलेगा. यह कुछ ऐसा है जो हमने पैट के साथ लंबे ब्रेक से पहले किया था, जहां हमने उनकी बॉडी को फिर से बनाने में कुछ समय और मेहनत लगाई थी. जब सब गाबा में थे, तब वह एलन बॉर्डर फील्ड में था. उन्होंने कई स्पेल के साथ लगभग वैसा ही दिखाया जैसा मैच वहां दिखेगा. उनकी बॉडी खेलने के लिए तैयार है और अगले हफ्ते कुछ और न होने पर मुझे उम्मीद है कि पैट सिक्का उछालेंगे और ब्लेजर पहन लेंगे.”