बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन में सोमवार रात बैतूल के घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। पार्सल कोच से बीप जैसी आवाज आने पर बम होने की अफवाह फैल गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन को तुरंत रोक दिया।
.
जांच में पाया गया कि पार्सल कोच में रखी इलेक्ट्रॉनिक बाइक का सुरक्षा अलार्म सिस्टम लगातार बीप कर रहा था। ट्रेन के चलने और झटके लगने के कारण अलार्म सक्रिय हो गया था।
बाइक मालिक ने बताया कि वाहन में सुरक्षा ट्रैकर और अलार्म सिस्टम लगा है। आरपीएफ ने सतर्कता बरतते हुए बाइक को स्टेशन पर उतार लिया।
एक घंटे के बाद ट्रेन रवाना हुई
विस्तृत जांच के बाद ट्रेन को 9:20 बजे रवाना किया गया। RPF इंचार्ज राजेश बनकर और घोड़ाडोंगरी में तैनात एएसआई गौतम ने बताया कि कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। घटना के दौरान करीब एक घंटे तक स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।