मैहर में ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर के परसिया मोड़ के पास मंगलवार दोपहर को हुआ। मुकुंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गोविंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया।
.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोविंदगढ़ से अपने गांव सन्नेही लौट रहे बबलू कोल (पिता शिवपाल कोल) और उनकी पत्नी गुड़िया कोल (35 वर्ष) की बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
ट्रक में भरी थी शराब
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में शराब की खेप लदी हुई थी। बताया जा रहा है कि यह शराब रामनगर के जिगना क्षेत्र की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस इस संबंध में दस्तावेज़ों और परिवहन की वैधता की जांच कर रही है।
ट्रक चालक की पहचान पवन सेन (पिता मदन गोपाल सेन, निवासी अहिरगांव) के रूप में हुई है। शराब के इस परिवहन का संबंध जीतू सिंह (अहिरगांव) से होने की बात भी सामने आई है, जिन्हें स्थानीय लोग बहुजन समाजवादी पार्टी से जुड़ा बताते हैं।
हालांकि, पुलिस द्वारा इन सूचनाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है और जांच जारी है।
मुकुंदपुर चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान, वाहन के दस्तावेज और परिवहन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
