IND vs SA 2nd T20I: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शाम 7:00 बजे से न्यू चंडीगढ़ में मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा. पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 101 रन से प्रचंड जीत दर्ज कर भारत ने इस सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है. भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के करियर के लिए आज बड़ा दिन है.
हार्दिक पांड्या के करियर के लिए आज बड़ा दिन
हार्दिक पांड्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ आज होने वाले दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं. हार्दिक पांड्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अनोखा शतक लगाएंगे. दरअसल, हार्दिक पांड्या अगर आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में 1 विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विकेटों का शतक लगा देंगे. हार्दिक पांड्या ने फिलहाल भारत के लिए 121 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 99 विकेट हासिल किए हैं. हार्दिक पांड्या फिलहाल भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर आते हैं.
बुमराह और अर्शदीप के क्लब में शामिल होने का मौका
हार्दिक पांड्या के पास अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह के खास क्लब में शामिल होने का मौका है. हार्दिक पांड्या एक विकेट लेते ही भारत के लिए 100 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने वाले तीसरे गेंदबाज बन जाएंगे. फिलहाल भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने ही 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कमाल किया है. अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए 69 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 107 विकेट हासिल किए हैं.
तीसरे नंबर पर काबिज हार्दिक पांड्या
दूसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह का नाम आता है. जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए 81 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 101 विकेट हासिल किए हैं. तीसरे नंबर पर काबिज हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए 121 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 99 विकेट चटकाए हैं. हार्दिक पांड्या बल्ले के साथ भी विस्फोटक प्रदर्शन करते हैं. वह गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के हर कोने में रन बनाने की क्षमता रखते हैं. हार्दिक पांड्या हर मुश्किल हालात में भारत के लिए विकेट निकालने में भी माहिर हैं. हार्दिक पांड्या ने अभी तक भारत के लिए 121 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 28.22 की औसत से 1919 रन बनाए हैं, जिसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं. हार्दिक पांड्या ने इसके अलावा गेंद से कमाल करते हुए 99 विकेट झटके हैं.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
1. अर्शदीप सिंह – 107 विकेट
2. जसप्रीत बुमराह – 101 विकेट
3. हार्दिक पांड्या – 99 विकेट
4. युजवेंद्र चहल – 96 विकेट
5. भुवनेश्वर कुमार – 90 विकेट
टीम इंडिया के सबसे घातक हथियार
हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के सबसे घातक हथियार हैं. हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान 6 पारियों में 144 रन बनाए थे. वहीं, बतौर तेज गेंदबाज हार्दिक पांड्या ने 11 विकेट लेकर भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जिताने में बड़ा रोल निभाया था. ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में हार्दिक पांड्या ने 4 पारियों में 99 रन बनाए थे. वहीं, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 4 विकेट झटके थे. भारत ने इस साल ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जीता था, जिसमें हार्दिक पांड्या का बड़ा रोल रहा है.
लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने का टैलेंट
हार्दिक पांड्या लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने का टैलेंट रखते हैं. साथ ही हार्दिक पांड्या नंबर-6 के बहुत विस्फोटक बल्लेबाज भी हैं. हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के लिए मैच फिनिश करते हैं और गेंदबाजी के दौरान अहम मौकों पर विकेट भी निकालकर देते हैं. फील्डिंग में भी हार्दिक पांड्या तेज तर्रार रन आउट करने और मुश्किल कैच पकड़ने में माहिर हैं. हार्दिक पांड्या इस काबिलियत की वजह से एक बहुत ही खतरनाक ऑलराउंडर बन जाते हैं.