एशेज सीरीज के दूसरे मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ के बीच जुबानी झड़प देखने को मिली थी. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने जोफ्रा आर्चर को टारगेट किया और बताया कि उन्होंने तब शर्मिंदा किया जब टीम को उनकी जरूरत थी. पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम का दबदबा देखने को मिला था और इस टीम ने 8 विकेट से मैच अपने नाम किया था.
जोफ्रा-स्मिथ के बीच जुबानी जंग
ब्रिस्बेन में खेले गए इस पिंक बॉल टेस्ट मैच के चौथे दिन आर्चर ने स्मिथ को एक तेज शॉर्ट बॉल फेंकी. स्मिथ ने शानदार पुल शॉट लगाकर बाउंड्री के पार भेज दिया. अगली गेंद भी शॉर्ट थी, जिस पर स्मिथ ने स्लिप कॉर्डन के ऊपर से शॉट की कोशिश की, जिससे आर्चर भड़क गए और उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पर टिप्पणी की.
स्टंप माइक पर आर्चर-स्मिथ की बातें रिकॉर्ड हुईं.
क्या बोले थे आर्चर?
स्टंप माइक में आर्चर की आवाज आई और उन्होंने कहा, ‘जब स्कोरबोर्ड पर ज्यादा रन नहीं होते, तो शॉट खेलना पसंद करता है.’ इससे स्मिथ को गुस्सा आ गया और उन्होंने भी जवाब देते हुए कहा, ‘जब कुछ नहीं हो रहा होता है, तब तुम तेज गेंदबाजी करते हो चैंपियन.’ रिकी पोंटिंग उस मैच के दौरान कमेंट्री बॉक्स में थे. उनका मानना है कि आर्चर ने खुद के साथ अपनी टीम को शर्मिंदा किया है.
ये भी पढ़ें.. ब्रॉडकास्टर का अता-पता नहीं.. बर्गर के प्राइज में T20 World Cup 2026 की टिकट बुकिंग शुरू, क्या है प्रोसेस?
पोंटिंग ने आर्चर को किया टारगेट
पोंटिंग ने कहा, ‘स्मिथ ने उन्हें ‘चैंपियन’ कहा और फिर वही शब्द मेरे मुंह से भी निकल गया. लेकिन उसी ने मुझे उत्साहित कर दिया और मेरी रगों में सिहरन दौड़ गई. ऐसे बहुत कम मैच रहे हैं, जिनकी कमेंट्री करते समय मुझे लगा हो कि काश मैं फिर से मैदान पर होता, लेकिन उस रात मैं जरूर वहां होना चाहता था, उस माहौल का हिस्सा बनना चाहता था, क्योंकि आप इसी चीज को मिस करते हैं और यही असली खेल है.’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन जोफ्रा ने खुद को शर्मिंदा किया है। उन्होंने अपनी टीम को भी शर्मिंदा किया. टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे तेज गेंदबाजी करना, जब ऑस्ट्रेलिया 60 रन चेज कर रहा होस वह गति तो पूरे समय उनके पास थी. इंग्लैंड को उनसे इस तरह की गेंदबाजी की जरूरत थी, और वह ऐसा करने को तैयार नहीं थे.’