कटनी में कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गुरुवार शाम संयुक्त जांच दल ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम भूला और टिकरिया स्थित गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 5,500 बोरियों में रखी लगभग 2,200 क्विंटल अवैध धान जब्त की गई। जि
.
कलेक्टर के निर्देश पर गठित खाद्य, राजस्व और कृषि उपज मंडी के संयुक्त जांच दल ने सबसे पहले ग्राम भूला स्थित असाटी कृषि केंद्र की जांच की। यहां दुकान के भीतर बने गोदाम में 3,000 बोरी धान का अवैध भंडारण मिला। इस धान को जब्त कर इसके परिवहन और निकासी पर 20 जनवरी तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।
टिकरिया में खेत से 2,500 बोरी धान मिला, कोई दस्तावेज नहीं
इसके बाद जांच दल ग्राम टिकरिया पहुंचा। यहां विकास असाटी की ओर से कृषि कार्य के लिए लिए गए खेत में लगभग 2,500 बोरी धान का भंडारण पाया गया। विकास असाटी इस भंडारित धान से संबंधित कोई भी दस्तावेज या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसलिए इस धान को भी जब्त कर इसकी निकासी पर रोक लगाते हुए असाटी के सुपुर्दनामे में सौंपा गया।
जांच दल में जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी, मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक देवेंद्र तिवारी और कृषि उपज मंडी से अभय दुबे शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से काफी पहले ही कलेक्टर तिवारी के निर्देश पर जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस संबंध में पूर्व में भी कई कार्रवाइयां की गई हैं। खाद्य, राजस्व और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों का संयुक्त दल यह अभियान आगे भी जारी रखेगा।