नगर के मुख्य चौराहे पर स्वदेशी संकल्प यात्रा का स्वागत किया।
स्वदेशी जागरण मंच की स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा रविवार शाम करीब 6 बजे शाजापुर पहुंची। शहर में आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और व्यापारियों ने रथ यात्रा का स्वागत किया।
.
यह यात्रा धोबी चौराहे से शुरू होकर टंकी चौराहा, महुपुरा, किला रोड, बड़ा चौक और नई सड़क होते हुए बस स्टैंड पहुंची। इसके बाद अशोक उपहार गृह के सामने रथ यात्रा का समापन हुआ, जहां एक नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।
स्वदेशी अपनाने का संकल्प लेते नगरवासी।
नुक्कड़ सभा में वक्ताओं ने स्वदेशी अपनाने और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। वक्ताओं ने बताया कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। इससे स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और किसानों को भी लाभ मिलता है।
यह स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित की जा रही है। मध्य प्रदेश राज्य अभियान के तहत यह यात्रा विभिन्न जिलों में जनजागरण का कार्य कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वदेशी के महत्व से जोड़ना और विदेशी वस्तुओं के बढ़ते उपयोग के प्रति जागरूक करना है। स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा सोमवार सुबह शाजापुर से उज्जैन के लिए रवाना होगी।

नगर में पहुंचा स्वदेशी संकल्प रथयात्रा का वाहन।