Arshdeep Singh India vs South Africa: भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले को 7 विकेट से जीत लिया. इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है. अब चौथा मुकाबला लखनऊ में 17 दिसंबर को खेला जाएगा. उस मैच में टीम के पास अजेय बढ़त बनाने का मौका होगा. धर्मशाला में रविवार (14 दिसंबर) को भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहर बरपा दिया.
अर्शदीप ने जीता सबका दिल
अर्शदीप ने 4 ओवरों में महज 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड मिला. अर्शदीप ने लाखों फैंस का दिल उस समय जीत लिया, जब उन्होंने इस पुरस्कार को अपनी 10 महीने की भतीजी को समर्पित कर दिया. उन्होंने रीजा हैंड्रिक्स को आउट कर अफ्रीकी टीम को पहला झटका दिया. इसके बाद कप्तान एडेन मार्करम (60 रन) को आखिरी ओवरों में आउट कर बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका.
ये भी पढ़ें: धर्मशाला में टीम इंडिया की धूम… साउथ अफ्रीका को तीसरे टी20 में हराया, सीरीज में मिली बढ़त
‘यह मेरा होम ग्राउंड नहीं’
मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने कहा, “जब मैं मैदान पर आया, तो सब मुझसे कह रहे थे कि यह भी तुम्हारा होम ग्राउंड है. तो सबसे पहले मैंने उनसे कहा- नहीं, यह मेरा होम ग्राउंड नहीं है. हमने बस बुनियादी बातों पर ध्यान दिया और अपनी स्किल्स पर भरोसा किया.” भारत ने कटक में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 101 रन से जीता था, जिसके बाद न्यू चंडीगढ़ में खेले गए अगले मुकाबले को 51 रन से गंवा दिया.
ये भी पढ़ें: ‘आउट ऑफ फॉर्म नहीं…’, सूर्याकुमार फिर फेल, धर्मशाला में जीत के बाद क्या कहा?
अर्शदीप को मिला इस चीज का इनाम
अर्शदीप सिंह ने कहा, “जब आप इस स्तर पर खेलते हैं, तो कुछ दिन ऐसे होते हैं जब आप वो चीजें नहीं कर पाते जो आप करना चाहते हैं. पिछला मैच एक खराब दिन था, इसलिए इस मैच में बेहतरीन बॉलिंग करके अच्छा लग रहा है.इस मुकाबले में मैंने बस गेंद को सही जगह पर पिच किया और विकेट से जितनी हो सके उतनी मदद लेने की कोशिश की. विकेट में थोड़ी मदद थी, मौसम भी ठंडा था, इसलिए यहां काफी स्विंग और सीम मिल रही थी. मैंने बस सही जगह पर बॉल डाली और उसका इनाम मिला. मेरी भतीजी यहां है, वह 10 महीने की है, मैं यह अवॉर्ड उसे समर्पित करना चाहता हूं.”