IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में एक बार फिर टीम इंडिया ने पकड़ बना ली है. तीसरे मैच को टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीतकर सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है. लेकिन जीत के बाद भी फैंस के दिलों में कुछ चुभ रहा है तो कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म, टी20 के किंग कहे जाने वाले स्काई पूरे साल रनों के लिए तरस गए हैं. इन तीन टी20 के बाद सूर्या ने बतौर कप्तान औसत का शर्मनाक रिकॉर्ड बना लिया है.
तीनों टी20 में स्काई सुपर फ्लॉप
सूर्यकुमार यादव साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीनों टी20 मैच में सुपर फ्लॉप नजर आए हैं. एक भी मुकाबले में सूर्यकुमार यादव 20 का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं. उन्होंने 12, 5, 12 रन की पारियां खेली हैं. इतना ही नहीं, कभी शतकों में डील करने वाले सूर्या इस साल फिफ्टी के लिए भी तरस गए हैं. पूरे साल में उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक भी नहीं निकला है. बतौर भारतीय कप्तान कम से कम 200 रन में सूर्या ने इस साल सबसे खराब औसत का शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है.
20 मैच में 47 सर्वश्रेष्ठ
सूर्यकुमार यादव ने इस साल अभी तक 20 टी20 मुकाबले खेल लिए हैं जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 47 नाबाद का रहा है. अभी भी सूर्या का फ्लॉप शो जारी है. एक कैलेंडर ईयर में बतौर कप्तान सबसे खराब औसत (कम से कम 200 रन) का रिकॉर्ड रवांडा के क्लिंटन रुबाग्यूम्या के नाम है जिन्होंने साल 2022 में 12.52 के औसत से रन बनाए थे. सूर्या दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 14.20 के औसत से रन बनाए हैं. साल 2024 में एडेन मारक्रम भी बतौर कप्तान खराब फॉर्म के चलते चर्चा में थे. उन्होंने 15.56 के औसत से रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें.. शुभमन गिल आउट ऑफ फॉर्म… 2025 में रिकॉर्ड शर्मनाक, रिप्लेस करने को तैयार ये खूंखार बल्लेबाज
कप्तानी के बाद गिरा ग्राफ
अब सवाल है कि सूर्यकुमार यादव को आखिर किसकी नजर लगी है. स्काई का ग्राफ कप्तानी के बाद गरा है. 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा ने संन्यास का ऐलान कर दिया था, जिसके बाद स्काई को कप्तानी मिली. इसके बाद से सूर्या के बल्ले से महज एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है. अब देखना दिलचस्प होगा कि लखनऊ में 17 दिसंबर कैसी बैटिंग देखने को मिलती है.