Shafali Verma: महिला वनडे विश्व कप 2025 में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था. फाइनल में शेफाली वर्मा भारत की जीत की रियल हीरो रही थीं. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. उस जीत के बाद से ही शेफाली चर्चा में रही हैं. अब उन्होंने एक और बड़ा कमाल किया है. 15 दिसंबर 2025 के दिन आईसीसी ने उन्हें खास अवॉर्ड दिया है. फाइनल में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 78 बॉल पर 87 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी. शेफाली की इस पारी को आईसीसी ने सलाम किया है और उन्हें नवंबर महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है.
ये वही शेफाली वर्मा हैं, जिन्हें महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए शुरुआत में टीम इंडिया में जगह नहीं मिली थी, लेकिन सेमीफाइनल से ठीक पहले पहले ओपनर प्रतिका रावल के चोटिल हो गईं. तो उनकी जगह शेफाली की एंट्री हुई. सेमीफाइनल में भले ही वह कुछ खास नहीं कर पाईं, लेकिन फाइनल में गर्दा उड़ा दिया था. मौका का पूरा फायदा उठाकर शेफाली ने 78 गेंदों पर 87 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी और टीम इंडिया की जीत में अहम रोल अदा किया था.
गेंद से भी दिखाया था जलवा
फाइनल में उन्होंने बल्ले से जलवा दिखाने के बाद गेंद से भी कमाल किया था. शेफाली ने 7 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट निकाले थे, जिसमें मारिजेन केप का अहम विकेट शामिल था.
कौन हैं शेफाली वर्मा?
शेफाली वर्मा दाएं हाथ की स्टार ओपनर हैं. वो हरियाणा के रोहतक से आती हैं. 28 जनवरी 2004 को उनका जन्म हुआ था. 8 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेला और 15 साल 239 दिन में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया. 2019 में अफ्रीका के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था. फिर 28 जून 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया. 16 जून 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में भी डेब्यू कर लिया.
शेफाली वर्मा का क्रिकेट करियर कैसा है?
शेफाली वर्मा भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलती हैं और तूफानी ओपनर में उनकी गिनती होती है. वो अब तक 5 टेस्ट, 31 वनडे और 90 टी20 खेल चुकी हैं. टेस्ट में 567 रन हैं. वनडे में 741 जबकि टी20 में 2221 रन किए हैं. टेस्ट में दोहरा शतक भी लगा चुकी हैं. वहीं गेंद से तीनों फॉर्मेट में कुल 14 विकेट चटकाए हैं.