Vaibhav Suryavanshi: ‘बिहार के लाल’ वैभव सूर्यवंशी अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. दुनियाभर के क्रिकेट फैंस उनकी काबिलियत को जान चुके हैं. सिर्फ 14 साल की उम्र में ही उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर ऐसा कारनामा किया है, जो बड़े-बड़े धुरंधर अपने पूरे करियर में नहीं कर सके. वैभव फिलहाल यूएई में हैं और ACC मेंस अंडर-19 एशिया कप 2025 खेल रहे हैं. इस बीच उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर एक दिल जीतने वाला वीडियो शेयर किया है.
मेंस अंडर-19 एशिया कप में वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ मैच में महज 95 गेंदों पर 171 रनों की तूफानी पारी खेलकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी थी. मलेसिया के खिलाफ अगले मुकाबले से पहले 14 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम होटल के पास मौजूद कुछ युवा प्रशंसकों के लिए ऑटोग्राफ देने के लिए समय निकाला.
वैभव सूर्यवंशी के लिए दीवानगी
वैभव सूर्यवंशी को देखकर युवा फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. एक युवा भारतीय प्रशंसक ने तो उनकी की तुलना पूर्व ऑलराउंडर और दो विश्व कप विजेता रहे युवराज सिंह से कर दी. वहीं, वैभव को देख एक लड़की के मुंह से निकला- ‘ओ माय गॉड’. देखें वीडियो
IPL 2025 में चमकी किस्मत
2024 में हुए ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को 1.1 करोड़ रुपये में खरीद कर बड़ा दांव खेला. जब वो 14 वर्ष के हुए तो उन्हें आईपीएल 2025 में डेब्यू करने का मौका मिला. राजस्थान रॉयल्स के लिए पारी की शुरुआत करते हुए बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज ने 7 मैचों में 206.55 के स्ट्राइक रेट और 36 के औसत से 250 से अधिक रन बनाए. गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उन्होंने 35 गेंदों पर सेंचुरी जड़कर सनसनी मचा दी थी. वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के सबसे युवा शतकवीर भी हैं.