कौन हैं शाहबाज अहमद? जिनकी अचानक चमकी किस्मत, 800 दिन बाद टीम इंडिया में वापसी, जानें कैसा है T20 रिकॉर्ड

कौन हैं शाहबाज अहमद? जिनकी अचानक चमकी किस्मत, 800 दिन बाद टीम इंडिया में वापसी, जानें कैसा है T20 रिकॉर्ड


Who is Shahbaz Ahmed: साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले चौथे T20I से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल तबीयत खराब होने की वजह से बाकी बचे दो मुकाबले से बाहर हो गए हैं. अक्षर की जगह अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने एक ऐसे स्पिनर को शामिल किया है, जिसने 800 दिन से एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है.

टीम इंडिया की टी20 टीम में अचानक बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद की एंट्री हुई है. 31 वर्षीय खिलाड़ी आईपीएल में अभी तक 3 टीमों के साथ खेल चुके हैं. वहीं, शाहबाज के पास 5 इंटरनेशनल मैच खेलने का अनुभव भी है. आइए देखते हैं कि टी20 क्रिकेट में उनका अब तक का सफर कैसा रहा है.

कौन हैं शाहबाज अहमद?

Add Zee News as a Preferred Source


शाहबाज अहमद का जन्म हरियाणा के मेवात जिले में हुआ था, जो 2018 की एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार भारत का सबसे पिछड़ा जिला है. उन्होंने बल्लेबाज के रूप में शुरुआत की और मेवात और उसके आसपास के इलाकों में स्थानीय क्रिकेट खेला, लेकिन अवसर सीमित थे. 2015 में, शाहबाज क्लब क्रिकेट में अपनी किस्मत आजमाने के लिए कोलकाता का रुख किया. वहीं उन्होंने अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी को निखारा और खुद को एक ऑलराउंडर के रूप में स्थापित किया.

शाहबाज का टी20 रिकॉर्ड कैसा है?

बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर शाहबाज अहमद ने अब तक कुल 114 टी20 मुकाबले खेले हैं. उन्होंने 1355 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल है. उन्होंने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 73 विकेट चटकाए हैं. आईपीएल की बात करें तो शाहबाज अहमद 2020 से लेकर 2023 तक RCB के लिए खेले. इसके बाद वो सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बने और आईपीएल 2025 में वो लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेले. आईपीएल के 58 मैचों में खेलते हुए उन्होंने 545 रन बनाए और 22 विकेट झटके.

800 दिन बाद टीम इंडिया में वापसी

शाहबाज अहमद के पास भारत के लिए 3 वनडे और 2 T20I खेलने का अनुभव है. अब तक खेले तीन ODI में उन्होंने 3 और दो टी20 इंटरनेशनल में 2 विकेट चटकाए हैं. शाहबाज ने आखिरी बार भारत के लिए एशियन गेम्स में 2023 में खेला था. उन्होंने आखिरी ODI 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था.

आखिरी दो टी20 मैचों के लिए भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद.

ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के इश्क में घायल हुए फैंस… किसी ने कहा OMG तो कोई बोला ‘आप युवराज जैसे हो’, VIDEO वायरल

 



Source link