डबरा19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- हमारा घर हमारा विद्यालय कार्यक्रम में छात्रों के सीखने की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा, निर्देश जारी
अब हर शनिवार को बच्चों के लिए प्रश्नमंच का आयोजन होगा और साेशल मीडिया आधारित मूल्यांकन किया जाएगा। साप्ताहिक लर्निंग पैकेज के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जाएगा। अब इस नवाचार पर काम किया जा रहा है।
राज्य शिक्षा केंद्र स्कूल विभाग द्वारा हमारा घर हमारा विद्यालय के अंतर्गत छात्रों के सीखने की प्रगति का सोशल मीडिया आधारित मूल्यांकन तय किया है। इस विषय पर लाइव प्रसारण द्वारा राज्य स्तरीय शैक्षिक संवाद का आयोजन किया गया। संवाद में आयुक्त राज्य शिक्षा केंद्र लोकेश कुमार जाटव ने कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों के कारण सीखने सिखाने की प्रक्रिया को नए परिप्रेक्ष्य में लागू करते हुए हमारा घर हमार विद्यालय कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक लर्निंग पैकेज कार्यक्रम के माध्यम से शैक्षिक गतिविधियां की जा रही हैं। इन शैक्षिक गतिविधियों द्वारा बच्चों की सीखने की प्रगति का निरंतर आंकलन करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रश्नोत्तरी को हल करने शिक्षक करेंगे मदद
सोशल मीडिया आधारित मूल्यांकन में शिक्षक मूल्यांकन संबंधी दिशा निर्देश एवं लिंक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से साझा करेंगे। क्विज व प्रश्नोत्तरी को हल करने में शिक्षक विद्यार्थियों की सहायता करेंगे। वे इस प्रक्रिया में बच्चों की प्रतिभागिता भी सुनिश्वित करेंगे। शिक्षक इसकी मॉनीटरिंग करेंगे कि प्रश्नों को बच्चे ही हल करें। उनके परिजन नहीं। प्रश्नोत्तरी को हल करने शिक्षक जरूर बच्चों की मदद कर सकते हैं।
मूल्यांकन उतना ही आसान जितना मित्रों से चैट करना
बीआरसी धर्मेंद्र पाठक ने बताया कि डबरा ब्लॉक के करीब 20 हजार बच्चों को इससे जोड़ा जाएगा। यह मूल्यांकन उतना ही आसान है जितना मोबाइल पर परिवार और मित्रों से चैट करना। इसमें विद्यार्थी अपने जिले के जारी किए गए नंबर पर मैसेज भेजेंगे। लिंक मिलने पर बच्चे पहले जिले का चयन और फिर विकासखंड का चयन करेंगे। फिर वे अपनी कक्षा और नाम डालेंगे। इसके बाद इसमें भाग ले सकेंगे।
मिडिल तक के लिए हिंदी और गणित की क्विज
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 वीं तक के हिंदी एवं गणित विषयों के लिए दस-दस प्रश्नों की क्विज की लिंंक हर शनिवार को सोशल मीडिया ग्रुप पर भेजी जाएगी। बच्चों द्वारा पूरे सप्ताह में अपनी सुविधानुसार हल किया जा सकता है। यथा संभव सोमवार तक हल करने के लिए शिक्षकों द्वारा सभी बच्चों को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह आंकलन साप्ताहिक आधार पर होगा, हर शनिवार नई क्विज का लिंक साझा किया जाएगा।