वेंकटेश अय्यर को हुआ 16.75 करोड़ का घाटा, KKR नहीं इस टीम ने खरीदा

वेंकटेश अय्यर को हुआ 16.75 करोड़ का घाटा, KKR नहीं इस टीम ने खरीदा


नई दिल्ली. आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शुमार भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को 2026 सीजन के लिए 7 करोड़ रुपये मिले. 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस के साथ मिनी ऑक्शन में शामिल हुए इस ऑलराउंडर को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खरीदा. पिछले सीजन अय्यर को 23.75 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम मिली थी, लेकिन कोलकाता नाइटराइडर्स ने उनके निराशाजनक प्रदर्शन के बाद रिलीज करने का फैसला किया.

अय्यर के लिए इन टीमों के बीच हुई बिडिंग
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अय्यर के बेस प्राइस पर बिडिंग की शुरुआत की और गुजरात टाइटंस के साथ 2.60 करोड़ रुपये तक बोली लगी. इसके बाद आरसीबी की एंट्री हुई. 3.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर लखनऊ फ्रेंचाइजी पीछे हट गई. फिर उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी केकेआर ने बोली लगाना शुरू किया. लेकिन आरसीबी तो मानों वेंकटेश अय्यर को खरीदने की ठान कर ही आई थी. केकेआर ने अय्यर की बोली बढ़ाना शुरू किया और 6.80 करोड़ रुपये तक आरसीबी के साथ लगातार बिडिंग की. इसके बाद आरसीबी ने 7 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अय्यर को अपनी टीम में शामिल कर लिया.

वेंकटेश अय्यर

2021 में हुआ था आईपीएल डेब्यू
वेंकटेश अय्यर ने 2021 में IPL में KKR के लिए दुबई लेग में डेब्यू किया, जब COVID-19 महामारी के कारण टूर्नामेंट को बीच में ही भारत से बाहर शिफ्ट कर दिया गया था. ओपनिंग बैटिंग करते हुए अय्यर की दमदार पारियों ने फ्रेंचाइजी को को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, टीम फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स से हार गई. अय्यर पहली बार केकेआर के अलावा किसी और फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल खेलते नजर आएंगे. डेब्यू के बाद से लगातार 5 सीजन वह केकेआर का ही हिस्सा रहे. आईपीएल में अय्यर ने 62 मैचों में 29.95 की औसत और 137.32 के स्ट्राइक रेट से 1468 रन बनाए हैं. इस बैटिंग ऑलराउंडर ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में 9 मैचों में 105.22 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 141 रन बनाए.

IPL 2025 में मिली मोटी रकम, लेकिन किया निराश
उन्होंने IPL 2024 में भी 370 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपये की एक बड़ी रकम में खरीदा गया. हालांकि, अय्यर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, जिससे तीन बार की चैंपियन टीम को उन्हें रिलीज कर दिया. इतनी बड़ी कीमत पर खरीदे जाने के बाद अय्यर को संभावित कप्तान के तौर पर भी चर्चा में लाया गया था. हालांकि, अजिंक्य रहाणे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई. IPL 2025 में अय्यर ने 11 मैचों में 139.22 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 142 रन बनाए.

वेंकटेश अय्यर को केकेआर ने किया रिलीज.

IPL प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में मिला मौका
IPL में शानदार प्रदर्शन ने अय्यर को भारतीय टीम में डेब्यू करने में मदद की और इस बाएं हाथ के खिलाड़ी ने देश के भरोसेमंद ऑलराउंडरों में से एक के रूप में अपना नाम बनाया. हालांकि, ऑलराउंडर होने के बावजूद अय्यर को हमेशा एक बल्लेबाज के तौर पर इस्तेमाल किया गया है और इम्पैक्ट-प्लेयर नियम शुरू होने के बाद तो और भी ज्यादा. अय्यर के IPL करियर का सबसे बड़ा पल 2023 में आया, जब उन्होंने एक शतक सहित 400 से ज्यादा रन बनाए.

अय्यर का इंटरनेशनल करियर
2021 में वेंकटेश को पहली बार भारतीय टीम की जर्सी में खेलने का मौका मिला, जब उन्होंने जयपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया. इसके बाद उन्हें वनडे टीम में भी शामिल किया गया. हालांकि, जल्द ही वह दोनों फॉर्मेट के सेटअप से बाहर हो गए. अब तक टी20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 9 मैच खेले हैं, जिनमें 133 रन बनाए हैं. वहीं, वनडे में सिर्फ दो मैच ही खेले हैं, जिनमें 24 रन बनाए. गेंद से उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 5 विकेट लिए हैं.



Source link